दहेज प्रताड़ना से तंग आकर नवविवाहिता ने लगाई फांसी, पति समेत 4 गिरफ्तार

0
IMG-20260311-WA0663

जांजगीर-चांपा के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस ने बीएनएस की धाराओं में दर्ज किया अपराध

जांजगीर-चांपा । जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में नवविवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए पति समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप है। पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार नवविवाहिता ने 11 फरवरी 2026 की रात अपने घर में साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सूचना मिलने पर शिवरीनारायण थाना में मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की गई। पंचनामा कार्रवाई के बाद पुलिस ने मृतका के परिजनों के बयान दर्ज किए।

शादी के दो महीने बाद शुरू हुई प्रताड़ना

जांच के दौरान परिजनों ने बताया कि मृतका की शादी 16 अप्रैल 2025 को सामाजिक रीति-रिवाज से धर्मेंद्र निर्मलकर के साथ हुई थी। शादी के करीब दो माह बाद से ही पति, सास, देवर और मौसी सास द्वारा दहेज में मोटरसाइकिल की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा।

परिजनों के अनुसार आरोपीगण मृतका को मोटरसाइकिल नहीं देने की बात कहकर गाली-गलौज करते थे और मारपीट भी करते थे। लगातार हो रही प्रताड़ना से तंग आकर नवविवाहिता ने आत्महत्या कर ली।

पति, सास, देवर और मौसी सास गिरफ्तार

जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में

  • धर्मेंद्र निर्मलकर (30)
  • शिवकुमारी निर्मलकर (48)
  • मनोज निर्मलकर (27) निवासी राहौद
  • तेरस बाई निर्मलकर (37) निवासी खोखरी, थाना शिवरीनारायण

शामिल हैं। पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

पूरे मामले की कार्रवाई सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, एएसआई रामप्रसाद बघेल, आरक्षक विवेक ठाकुर, नितिन द्विवेदी, दिनेश चौहान, यशवंत पाटले और महिला आरक्षक अंजिमा बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!