रायपुर में 8 किलो 321 ग्राम गांजा जब्त, अंतर्राज्यीय समेत 2 आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260311-WA0612

• उरला और रामनगर में पुलिस की अलग-अलग कार्रवाई, जब्त गांजे की कीमत करीब 4.16 लाख रुपए

रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 8 किलो 321 ग्राम गांजा के साथ एक अंतर्राज्यीय आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 16 हजार 50 रुपए बताई गई है। आरोपियों के खिलाफ उरला और गुढ़ियारी थाने में नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने और अवैध खरीदी-बिक्री करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत नॉर्थ जोन के सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को सूचना संकलन कर तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

बाजार चौक उरला से युवक गिरफ्तार

इसी क्रम में 10 मार्च 2026 को थाना उरला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उरला क्षेत्र के बाजार चौक के पास एक युवक अपने पास गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा ने थाना प्रभारी उरला को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सुमित वर्मा (19) निवासी साईं नगर पानी टंकी के पास, थाना उरला रायपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके बैग से 3 किलो 115 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मादक पदार्थ जब्त कर लिया।

रामनगर चौकी क्षेत्र में अंतर्राज्यीय आरोपी पकड़ा

वहीं दूसरी कार्रवाई में थाना गुढ़ियारी की रामनगर चौकी पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने अनिल अहीरवार (32) को 5 किलो 206 ग्राम गांजा के साथ पकड़ा। आरोपी मूल रूप से अहमदपुर बाडेर, थाना विदिशा, मध्यप्रदेश का निवासी है।

कुल 8.321 किलो गांजा जब्त

दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 8 किलो 321 ग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त किए गए मादक पदार्थ की कीमत करीब 4 लाख 16 हजार 50 रुपए आंकी गई है।

नारकोटिक एक्ट के तहत केस दर्ज

पुलिस ने आरोपी सुमित वर्मा के खिलाफ थाना उरला में अपराध क्रमांक 86/2026 धारा 20बी नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं आरोपी अनिल अहीरवार के खिलाफ थाना गुढ़ियारी में नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

तस्करी नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए एंड-टू-एंड कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!