ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा मामले में फरार खाईवाल गिरफ्तार

0
Screenshot_20260311_161907

‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई, बैंक कॉलोनी से दबोचा गया आरोपी

रायगढ़। जिले में जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना चक्रधरनगर पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा प्रकरण में फरार चल रहे सट्टा खाईवाल गगन अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बैंक कॉलोनी स्थित हिमालय हाइट्स के पास से पकड़कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में जुआ-सट्टे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में चक्रधरनगर थाना पुलिस को सूचना मिली कि ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा मामले में फरार आरोपी गगन अग्रवाल अपने ससुराल आया हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक सैमसंग मोबाइल फोन जब्त किया गया है।

पहले भी हुई थी सट्टा संचालन पर कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि 16 फरवरी को मुखबिर की सूचना पर थाना चक्रधरनगर और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने बोईरदादर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री में छापेमारी की थी। यहां श्याम फिनाइल उद्योग में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से विकास अग्रवाल और विनय अग्रवाल को रंगे हाथ गिरफ्तार किया था।

दोनों आरोपी मोबाइल फोन के जरिए क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से वन प्लस मोबाइल, एप्पल आईफोन और ओप्पो मोबाइल सहित अन्य सामग्री जब्त की थी। साथ ही सट्टा से प्राप्त दो हजार रुपए नकद भी बरामद किए गए थे।

पूछताछ में सामने आया था गगन अग्रवाल का नाम

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पता चला था कि वे खरसिया निवासी गगन अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा खाईवाल का काम करते थे। इसके बाद से पुलिस गगन अग्रवाल की तलाश कर रही थी। करीब एक महीने तक फरार रहने के बाद आखिरकार पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई

मामले में थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 52/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। साथ ही मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।

सट्टा कारोबारियों पर सख्ती जारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में जुआ और ऑनलाइन सट्टा जैसे अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना चक्रधरनगर के निरीक्षक राकेश मिश्रा, उपनिरीक्षक गेंदलाल साहू और पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!