म्यूल खातों की खरीद-फरोख्त करने वाला फरार स्थाई वारंटी समेत 2 गिरफ्तार

0
IMG-20260312-WA0765

• छत्तीसगढ़ व अन्य राज्यों से बैंक खाते खरीदकर पश्चिम बंगाल के आसनसोल में करते थे बिक्री, 13 एटीएम कार्ड व 7 पासबुक जब्त

रायपुर । म्यूल बैंक खातों की खरीद-फरोख्त कर अवैध लेन-देन करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए सिविल लाइन पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने फरार स्थाई वारंटी सुनील यादव उर्फ सोनू तथा एक महिला आरोपी पूजा सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से विभिन्न बैंकों के 13 एटीएम कार्ड, 7 पासबुक, 8 सिम कार्ड और 3 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार श्यामनगर इंदिरा चौक तेलीबांधा निवासी पवन यादव ने थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। पवन यादव ने बताया कि वह किराना दुकान संचालित करता है। उसकी दुकान पर पूजा सिंह नामक महिला सामान लेने आती थी, जिससे उसकी पहचान हो गई थी। फरवरी 2026 में पूजा सिंह अपने साथी सुनील यादव को लेकर दुकान पर पहुंची और बताया कि उनकी कंपनी का पैसा आने वाला है लेकिन ऑनलाइन बैंकिंग काम नहीं कर रहा है। इस बहाने उन्होंने पवन यादव से बैंक ऑफ महाराष्ट्रा के खाते का विवरण और एटीएम कार्ड ले लिया।

NTPC World Environment Day

कुछ समय बाद दोनों आरोपी वापस आए और बताया कि खाते की लिमिट खत्म हो गई है तथा डेढ़ लाख रुपये खाते में फंस गए हैं। उन्होंने प्रार्थी से दूसरा बैंक खाता उपलब्ध कराने को कहा, जिस पर प्रार्थी ने एचडीएफसी बैंक खाते में डेढ़ लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसमें से 50 हजार रुपये एटीएम से निकाले गए और शेष एक लाख रुपये इंडसइंड बैंक में जमा कर चेक के माध्यम से सुनील यादव को दे दिए गए।

कुछ दिनों बाद प्रार्थी को बैंक ऑफ महाराष्ट्रा से सूचना मिली कि उसके खाते में 1.50 लाख रुपये की राशि फ्रॉड के संदेह में पुलिस द्वारा होल्ड कर दी गई है। तब उसे धोखाधड़ी का अहसास हुआ और उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों के लोगों को झांसे में लेकर उनके बैंक खाते खरीदते थे और उन्हें पश्चिम बंगाल के आसनसोल में बेचते थे, जिनका उपयोग अवैध लेन-देन के लिए किया जाता था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 एटीएम कार्ड, 7 पासबुक, 8 सिम कार्ड और 3 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। दोनों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 165/26 धारा 318(4) व 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

बॉक्स
पुराना अपराधी है मुख्य आरोपी
मुख्य आरोपी सुनील यादव उर्फ सोनू पूर्व में जीआरपी चरौदा थाना क्षेत्र में लूट व मारपीट के मामले में जेल जा चुका है। वह दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना में दर्ज लूट के एक मामले में स्थाई वारंटी भी है और लंबे समय से फरार चल रहा था।

गिरफ्तार आरोपी

  1. सुनील यादव उर्फ सोनू उर्फ विक्की (32), निवासी रेल नगर बीएमवाई चरौदा, जिला दुर्ग, हाल निवास श्यामनगर इंद्रा चौक तेलीबांधा रायपुर।
  2. पूजा सिंह (30), निवासी पावर हाउस हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी भिलाई, जिला दुर्ग, हाल निवास श्यामनगर इंद्रा चौक तेलीबांधा रायपुर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!