मोबाइल से सट्टा चला रहे दो आरोपी गिरफ्तार, 52 हजार नकद और मोबाइल जब्त
रायपुर | राजधानी में सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिविल लाइन थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने मोबाइल फोन के जरिए सट्टा संचालन करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 52,500 रुपए नकद और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब एक लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार रायपुर कमिश्नरेट में जुआ और सट्टा गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सभी थाना प्रभारियों और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को लगातार कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत शहर में सट्टा और जुआ संचालित करने वालों की पतासाजी कर कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 11 मार्च को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के काली माता मंदिर के पास दो व्यक्ति मोबाइल फोन के माध्यम से अंकों में दांव लगाकर सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्धों को चिन्हित कर घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम गोपाल भीसे और बब्बन रजा उर्फ अख्तर बताया। दोनों रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने जब उनके मोबाइल फोन की जांच की तो उसमें राजधानी और कल्याण सट्टा पट्टी में अंकों पर दांव लगाकर सट्टा संचालित करते हुए पाया गया।
इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 52,500 रुपए नकद और दो मोबाइल फोन जब्त किए। इस मामले में सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 164/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी कौन हैं
- गोपाल भीसे (42) पिता स्व. बंटू राव भीसे, निवासी बढ़ई पारा विश्वकर्मा चौक गली नंबर 3, डॉ. मंटू गली, थाना आजाद चौक, रायपुर।
- बब्बन रजा उर्फ अख्तर (39) पिता स्व. अली हसनैन, निवासी शिव नगर शीतला मंदिर के पास, थाना आजाद चौक, रायपुर।
पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




