अमरकंटक में मालवा अंचल के श्रद्धालु कर रहे कुलदेवी-देवताओं व अस्त्र-शस्त्र की पूजा
रामघाट तट पर भजन-कीर्तन , दीप प्रज्वलन और पारंपरिक अनुष्ठानों का क्रम जारी ,
अमरकंटक – श्रवण कुमार उपाध्याय की रिपोर्ट
अमरकंटक – मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक के धार्मिक एवं आध्यात्मिक आस्था की पावन नगरी में इन दिनों मालवा अंचल से बड़ी संख्या में पहुंचे भक्त श्रद्धालु अपने कुलदेवी-देवताओं तथा उनके अस्त्र-शस्त्रों की पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रहे हैं । पतित पावनी मां नर्मदा के पावन तट रामघाट के उत्तर एवं दक्षिण तट पर मालवा क्षेत्र से आए श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में भजन-कीर्तन और पूजा-पाठ में लीन दिखाई दे रहे हैं ।
सायंकाल श्रद्धालु नर्मदा तट रामघाट पर अपने कुलदेवी-देवताओं तथा उनके प्रतीकात्मक अस्त्र-शस्त्रों की स्थापना कर दीप प्रज्वलित करते हैं और भक्ति भाव से भजन-कीर्तन करते हैं । इसके बाद प्रातःकाल पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप के साथ मां नर्मदा में स्नान-डुबकी लगाकर विधिवत पूजा-अर्चना की जाती है तथा अपने आराध्य देवी-देवताओं से मनोकामनाएं और मन्नतें मांगी जाती हैं । यह धार्मिक अनुष्ठान सायंकाल से प्रारंभ होकर दोपहर तक निरंतर चलता रहता है ।

पारंपरिक भोजन और सामूहिक भक्ति का माहौल
इस अवसर पर श्रद्धालु अपने पारंपरिक व्यंजन जैसे लिट्टी-चोखा और दाल-बाटी बनाकर सामूहिक रूप से भोजन भी करते हैं । रामघाट तट पर पूजा-अर्चना के दौरान कई श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते-नाचते भी दिखाई देते हैं । भक्ति भाव के वातावरण में कई श्रद्धालु अपने आराध्य के प्रति गहरी आस्था व्यक्त करते हुए उनसे जुड़े प्रश्नों के समाधान भी प्राप्त करते देखे गए ।

मालवा के कई जिलों से पहुंच रहे श्रद्धालु
उल्लेखनीय है कि उज्जैन , रायसेन , देवास , रतलाम , धार और सीहोर सहित मालवा क्षेत्र के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु अमरकंटक पहुंच रहे हैं । यह धार्मिक अनुष्ठान चैत्र कृष्ण पक्ष अष्टमी से प्रारंभ होकर चौदस तिथि तक अनवरत चलता रहेगा ।
मालवांचल के श्रद्धालुओं द्वारा कुलदेवी-देवताओं तथा उनके अस्त्र-शस्त्रों की यह पूजा प्रतिवर्ष शारदीय नवरात्रि और चैत्र नवरात्रि के पूर्व की जाती है । श्रद्धालुओं का मानना है कि इस पूजा-अर्चना से धार्मिक और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है तथा जीवन में नई शक्ति और सकारात्मक चेतना प्राप्त होती है ।
विगत दिवस उज्जैन क्षेत्र से लगभग 10 बसों में सवार होकर बड़ी संख्या में पुरुष , महिलाएं , युवक-युवतियां अमरकंटक पहुंचे और मां नर्मदा के पावन तट पर श्रद्धा-भक्ति के साथ अपने कुलदेवी-देवताओं की आराधना की ।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




