केशरवानी महिला समिति ने हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया, भक्ति गीतों से गूंजा राधाकृष्ण मंदिर
• ढोलक-मंजीरे की थाप पर भजन-कीर्तन, हनुमान चालीसा पाठ और भंडारे का आयोजन
मुंगेली। शहर में हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर केशरवानी महिला समिति द्वारा स्थानीय राधाकृष्ण मंदिर में भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी महिलाओं ने “वीर हनुमाना बड़ा बलवाना” चौपाई के साथ ढोलक और मंजीरे की मधुर थाप पर भजन-कीर्तन करते हुए पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
समिति की सदस्य जया गुप्ता ने बताया कि हनुमान जयंती चैत्र मास की पूर्णिमा को मनाया जाने वाला प्रमुख हिंदू पर्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार वायु देव द्वारा माता अंजना को पायसम दिए जाने के बाद भगवान हनुमान का जन्म हुआ, जिन्हें पवनपुत्र के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने कहा कि हनुमान जी शक्ति, साहस, निस्वार्थ सेवा और अटूट भक्ति के प्रतीक हैं।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर हनुमान चालीसा का पाठ किया। हनुमान जी की प्रतिमा पर सिंदूर, चमेली का तेल और बूंदी लड्डू का भोग अर्पित किया गया। साथ ही हनुमान गायत्री मंत्र का जाप कर सुख-समृद्धि और संकटों से मुक्ति की कामना की गई।
इस अवसर पर महिलाओं ने अपने साथ लाए पांच-पांच दीपक जलाकर स्वस्तिक और ओम का प्रतीक बनाया, जो श्रद्धा और आस्था का विशेष आकर्षण रहा। कार्यक्रम में राजुल केशरवानी द्वारा प्रसाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
भक्तिमय आयोजन में अमूल गुप्ता ने बालवीर हनुमान का आकर्षक रूप धारण कर सभी का मन मोह लिया। वहीं ज्योति गुप्ता द्वारा मनोरंजक खेलों का आयोजन भी किया गया, जिसमें विजेता मनीषा गुप्ता को पुरस्कृत किया गया।
इस आयोजन में अनिता गुप्ता, जया गुप्ता, प्रमिला गुप्ता, सपना गुप्ता, ज्योति गुप्ता, राजुल केशरवानी, अमिता केशरवानी, सीमा गुप्ता, मनोरमा गुप्ता, सुरेखा, सरोज, सावित्री, सविता, विभा, आशा, विजेता, अंजली, शुचि सहित बड़ी संख्या में महिला सदस्य उपस्थित रहीं।
पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। हनुमान जयंती का यह पर्व न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि लोगों को आत्मबल, साहस और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा भी देता है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




