48 घंटे में सुलझा खपरी डबल मर्डर केस, चोरी की नीयत से घुसे आरोपियों ने की बुजुर्ग दंपति की हत्या

0
IMG-20260403-WA0656

जांजगीर-चांपा। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खपरी में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर बड़ी सफलता हासिल की है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने चोरी की नीयत से घर में घुसकर बुजुर्ग दंपति की निर्मम हत्या कर दी थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 की सुबह ग्राम खपरी निवासी संतराम साहू (70 वर्ष) एवं उनकी पत्नी श्यामबाई साहू (65 वर्ष) का शव उनके घर में खून से लथपथ हालत में मिला था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर सेल एवं थाना मुलमुला की संयुक्त टीम गठित कर मामले की गहन जांच की गई।

जांच के दौरान घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण, फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड एवं फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद से साक्ष्य एकत्रित किए गए। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ की गई। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी चोरी की नीयत से घर में घुसे थे और विरोध करने पर दंपति की हत्या कर दी।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गांव का ही निवासी गजेन्द्र दिनकर घटना के बाद से फरार है। संदेह के आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि मुख्य साजिशकर्ता सुरेन्द्र यादव के साथ मिलकर उसने वारदात को अंजाम दिया। सुरेन्द्र यादव को पहले से जानकारी थी कि मृतक दंपति घर में अकेले रहते हैं और उनके पास धन है।

आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए नकली बाल, टोपी और मुखौटे का इस्तेमाल किया और छत के रास्ते घर में प्रवेश किया। मृतक संतराम साहू के जाग जाने पर सुरेन्द्र यादव ने चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी। वहीं श्यामबाई साहू के जागने पर गजेन्द्र दिनकर ने उन पर धारदार हथियार से वार कर उन्हें भी मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद आरोपियों ने सोने का हार और चांदी की पायल लूट ली।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि श्यामरतन दिनकर ने घर के बाहर रेकी की और लूट का सामान छिपाने में सहयोग किया, जबकि विजेन्द्र पाल दिनकर ने आरोपी को फरार होने में मदद की। पुलिस ने आरोपियों के बताए अनुसार घटना में प्रयुक्त दो चाकू, सोने का हार, चांदी की पायल एवं एक मोटरसाइकिल जब्त की है।

सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस गंभीर मामले का त्वरित खुलासा टीमवर्क और तकनीकी जांच के कारण संभव हो सका। इस कार्रवाई में साइबर थाना एवं मुलमुला पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!