इंस्टाग्राम पर अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर 70 हजार की मांग, दो आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की धमकी देकर पैसों की मांग करने वाले दो आरोपियों को सिटी कोतवाली जांजगीर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बेटी से आरोपियों ने दोस्ती कर उसे प्रेम जाल में फंसा लिया। इसके बाद दिसंबर 2025 से आरोपियों द्वारा युवती के अश्लील फोटो और वीडियो को अलग-अलग इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से उसके परिजनों और रिश्तेदारों को भेजा जा रहा था। साथ ही 70 हजार रुपये की मांग करते हुए पैसे नहीं देने पर फोटो वायरल करने की धमकी दी जा रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात इंस्टाग्राम यूजर्स के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान साइबर तकनीक की मदद से इंस्टाग्राम आईडी से जुड़े मोबाइल नंबरों का पता लगाया गया, जिससे आरोपियों की पहचान पाली नैला निवासी प्रेम कुमार सूर्यवंशी (21 वर्ष) और शिवम भवानी (19 वर्ष) के रूप में हुई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उनके पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किए गए और उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




