अवैध शराब पर पचपेड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में महुआ शराब जब्त

0
IMG-20260407-WA1169

बिलासपुर । जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पचपेड़ी पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए ग्राम मनवा में छापेमारी कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 66.240 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है, साथ ही मौके पर लगभग 200 किलोग्राम महुआ लहान (शराब बनाने की सामग्री) को नष्ट किया गया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी लालचंद मोहले के मार्गदर्शन में की गई। अवैध शराब कारोबार पर नियंत्रण के लिए पुलिस को लगातार निर्देश दिए गए हैं, जिसके तहत पचपेड़ी पुलिस सक्रियता से कार्रवाई कर रही है।

दिनांक 7 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मनवा में कुछ लोग अवैध रूप से महुआ शराब बनाकर बिक्री के लिए रखे हुए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई को अंजाम दिया।

कार्रवाई के दौरान आरोपी विशाल बंजारे (50 वर्ष) एवं राजेन्द्र बंजारे (40 वर्ष) के कब्जे से 15-15 लीटर क्षमता वाले जरीकेनों में भरी महुआ शराब बरामद की गई। वहीं आरोपी जान कुमार बंजारे (22 वर्ष) के पास से कुल 3 लीटर महुआ शराब और 200 रुपये की बिक्री रकम मिली। इसी तरह आरोपी कमल बंजारे (37 वर्ष) के पास से 3.240 लीटर महुआ शराब और 100 रुपये नगद बरामद किए गए।

पुलिस द्वारा सभी आरोपियों से शराब रखने के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन कोई भी आरोपी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने जब्त शराब को अपने कब्जे में लेकर विधिवत कार्रवाई की।

आरोपी विशाल बंजारे और राजेन्द्र बंजारे के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया, जो कि अजमानतीय अपराध है। वहीं जान कुमार बंजारे और कमल बंजारे के खिलाफ धारा 34(1)(क)(ख) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस ने गंभीर अपराध के तहत आरोपी विशाल बंजारे और राजेन्द्र बंजारे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ भी विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।

पचपेड़ी पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!