होटल के कमरे में जुआ, 8 आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार, डेढ़ लाख के करीब नगदी जब्त
बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस ने शहर में जुआ गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित होटल महावीर में छापेमारी कर 8 लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹1,44,000 नगद भी जब्त किया है।
कमरे में चल रहा था जुए का अड्डा
पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल महावीर के कमरा नंबर 215 में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन एवं एसीसीयू टीम ने संयुक्त रूप से दबिश दी। मौके पर पहुंचे पुलिस दल ने देखा कि कमरे के भीतर आरोपी ताश के पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने तत्काल सभी को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
नगदी सहित सामग्री जब्त
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल ₹1,44,000 नगद बरामद किए गए। साथ ही जुआ खेलने में उपयोग की जा रही सामग्री भी जब्त की गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों में महेश सिंह (38), हीरालाल पाल (41), अक्की जायसवाल (28), छोटू सिंह (20), संदेश मसीह (40), अनिल कुमार वर्मा (30), आकाश भोई (39) और विशाल छाबड़ा (40) शामिल हैं। सभी आरोपी सिविल लाइन थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों के निवासी बताए गए हैं।
होटल संचालक की भूमिका भी संदिग्ध
जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि जुआ खेलने के उद्देश्य से होटल का कमरा किसी अन्य व्यक्ति के नाम से बुक कराया गया था। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि इस गतिविधि की जानकारी होटल संचालक एस.के. सिन्हा को थी। उनकी संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें भी आरोपी बनाया गया है।
पुलिस का सख्त रुख
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। होटल और लॉज संचालकों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने यहां होने वाली गतिविधियों पर निगरानी रखें, अन्यथा उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.


