आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का आरोप: वसूली, दुर्व्यवहार और धमकी से बेलगहना सेक्टर में बढ़ा विवाद

0
IMG-20260413-WA1625

रिपोर्टर ✒️ सुचित कुमार मरावी

करगीकोटा/बिलासपुर।
जिले के बिलासपुर अंतर्गत कोटा अनुभाग के बेलगहना सेक्टर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। कार्यकर्ताओं ने सेक्टर सुपरवाइजर किरण मोगरे पर अवैध वसूली, दुर्व्यवहार और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में पीड़ितों ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कोटा को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।


विभिन्न कार्यों के नाम पर वसूली का आरोप

शिकायत में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बताया कि उनसे लगातार विभिन्न कार्यों के नाम पर पैसों की मांग की जाती है। पैसा नहीं देने पर गाली-गलौज, झूठे आरोप और कार्रवाई की धमकी दी जाती है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि निरीक्षण के दौरान जानबूझकर केंद्रों में अव्यवस्था, गंदगी और पोषण आहार में कमी जैसे आरोप लगाए जाते हैं, जबकि ये आरोप पूरी तरह निराधार हैं।


सुपोषण चौपाल और टीए बिल में भी हिस्सेदारी का आरोप

कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि सामग्री परिवहन, मासिक रिपोर्ट और अन्य प्रशासनिक कार्यों के नाम पर जबरन वसूली की जाती है। इतना ही नहीं, सुपोषण चौपाल और टीए बिल की राशि में भी दबाव बनाकर हिस्सा लिया जाता है।


8 अप्रैल की घटना ने बढ़ाया विवाद

मामले का सबसे गंभीर पहलू 8 अप्रैल 2026 की घटना को बताया जा रहा है। आरोप है कि उस दिन कार्यकर्ताओं को सुबह से लगातार काम में लगाए रखा गया और भोजन तक की व्यवस्था नहीं की गई।
विरोध करने पर एक बुजुर्ग कार्यकर्ता के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की गई, साथ ही झूठी एफआईआर में फंसाने की धमकी दी गई।


प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

पीड़ित कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित सुपरवाइजर के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए और उन्हें भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे अपने दायित्वों का निर्वहन सुचारु रूप से कर सकें।


अब प्रशासन के कदम पर नजर

इस पूरे मामले ने बेलगहना सेक्टर में आंगनबाड़ी व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर क्या कदम उठाता है और पीड़ित कार्यकर्ताओं को कब तक न्याय मिल पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!