ऑपरेशन ‘बाज’ के तहत मुंगेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 18 नशे के आदी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल

0
Screenshot_20260420_115300

मुंगेली । जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन बाज” के तहत मुंगेली पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए 18 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में की गई, जिसमें नशे के कारोबार और सेवन में लिप्त व्यक्तियों पर सख्ती दिखाई गई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही थी। विशेष रूप से ब्राउन शुगर, गांजा, अफीम जैसे नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों की सूची तैयार कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे।

इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस द्वारा प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए धारा 170, 126(बी) और 135(3) बीएनएसएस के तहत कुल 18 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। इन सभी के विरुद्ध इश्तगाशा तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि ये सभी आरोपी नशे की गतिविधियों में संलिप्त होकर क्षेत्र में अशांति फैलाने और आमजन को परेशान करने का कार्य कर रहे थे। पुलिस द्वारा बीट प्रणाली के माध्यम से इन पर लगातार नजर रखी जा रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी को पकड़ने में सफलता मिली।

नशे के खिलाफ सख्त संदेश
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि नशा समाज के लिए घातक है। इससे व्यक्ति का स्वास्थ्य बिगड़ता है, परिवार प्रभावित होता है और अपराध की प्रवृत्ति बढ़ती है। विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को सुरक्षित बनाने की जरूरत है।

जनसहयोग की अपील
पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं भी अवैध नशा, तस्करी या असामाजिक गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

इस कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली प्रभारी कार्तिकेश्वर जांगड़े, साइबर सेल टीम और पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मुंगेली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!