भगवान परशुराम जयंती पर मुंगेली में भक्ति का उमड़ा सैलाब, विधि-विधान से पूजा-अर्चना

0
IMG_20260420_115943_096

मुंगेली। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर भगवान परशुराम जयंती पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। सर्व ब्राह्मण परिषद के तत्वावधान में पुराना बस स्टैंड स्थित भगवान परशुराम चौक पर भगवान श्री परशुराम की प्रतिमा का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर कलश चढ़ाया गया। इस दौरान समाज की सुख-समृद्धि, धर्म रक्षा और जनकल्याण की कामना की गई।

कार्यक्रम में विप्र समाज के महिला-पुरुषों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम के आदर्शों को स्मरण करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।

धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान परशुराम को भगवान विष्णु का छठा अवतार माना जाता है, जिन्होंने अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष कर धर्म की स्थापना की। उनका जीवन साहस, न्याय और धर्म पालन का प्रतीक है।

अन्याय के खिलाफ साहस का प्रतीक हैं परशुराम – अवधेश शुक्ला
सर्व ब्राह्मण परिषद के अध्यक्ष पं. अवधेश शुक्ला ने कहा कि भगवान परशुराम केवल एक समाज विशेष के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए न्याय और साहस के प्रतीक हैं। उन्होंने शास्त्र और शस्त्र दोनों के संतुलन से समाज को दिशा दी। आज के समय में उनके आदर्शों को अपनाकर ही सामाजिक कुरीतियों और अन्याय को समाप्त किया जा सकता है।

नगर की खुशहाली की कामना – रोहित शुक्ला
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहा कि यह पर्व हमें धर्म के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है। सभी ने मिलकर नगर की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की, साथ ही समाज की एकता को सबसे बड़ी ताकत बताया।

विप्र एकता का संदेश – जयप्रकाश मिश्रा
नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा ने कहा कि समाज का एकजुट होकर अपने आराध्य का पूजन करना गर्व का विषय है। भगवान परशुराम का जीवन हमें सिखाता है कि शक्ति का उपयोग सदैव समाज के कल्याण और निर्बलों की रक्षा के लिए होना चाहिए।

इस अवसर पर पं. सुनील पाठक एवं पं. स्वतंत्र मिश्रा ने भी संबोधित करते हुए शुभकामनाएं दीं। मनोज मिश्रा के नेतृत्व में सामूहिक आरती का सस्वर गायन किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया। वहीं शाम को सर्व ब्राह्मण महिला परिषद की ओर से निधि पौराणिक, प्रिंशु दुबे और आराधना सहित अन्य सदस्यों द्वारा फल एवं शरबत वितरण किया गया।

आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा घोषित
परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में आगामी दिनों में भी विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। 24 अप्रैल को शाम 5 बजे भगवान परशुराम चौक (पुराना बस स्टैंड) से विशाल बाइक रैली निकाली जाएगी। वहीं 25 अप्रैल को शाम 4 बजे सामुदायिक भवन से विप्र भवन (पंडरिया रोड) तक भव्य शोभायात्रा निकलेगी, जिसमें झांकियां, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। साथ ही प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान भी किया जाएगा।

कार्यक्रम में सर्व ब्राह्मण महिला परिषद की अध्यक्ष मंजुला शर्मा सहित दुष्यंत दुबे, गिरीश शुक्ला, शैलेष पाठक, आशीष मिश्रा, प्रमोद पाठक, रवि शुक्ला, सौरभ बाजपेयी, प्रभात तिवारी, ब्रह्मदत्त त्रिपाठी, दिनेश शर्मा, मुकेश मिश्रा, राहुल पाठक, शशांक चौबे, ओमप्रकाश दीक्षित सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। महिला टीम से उर्वशी पाठक, कल्पना मिश्रा, अमिता मिश्रा, रश्मि तिवारी, निधि पौराणिक, ऋतु तिवारी, राजेश्वरी पाठक सहित अनेक सदस्य सक्रिय रूप से शामिल हुए।

अंत में सभी ने आरती कर प्रसाद ग्रहण किया और समाज में एकता, धर्म एवं संस्कारों को बनाए रखने का संकल्प लिया।

Advertisement Carousel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!