NTPC World Environment Day

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा: धीमी प्रगति पर सख्ती, लापरवाहों पर कार्रवाई के निर्देश

0
IMG-20260421-WA0659

रिपोर्टर ✒️विनय सिंह ब्यूरो बेमेतरा

बेमेतरा । जिला पंचायत सभाकक्ष में बीते दिवस मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत प्रेमलता पदमाकर द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की प्रगति को लेकर आवास मित्रों एवं रोजगार सहायकों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के तहत निर्माणाधीन एवं अपूर्ण आवासों की स्थिति, लक्ष्य के अनुरूप प्रगति तथा कार्यों की गुणवत्ता का गहन मूल्यांकन किया गया।

समीक्षा के दौरान न्यून प्रगति वाले आवास मित्रों पर कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही बैठक में अनुपस्थित पाए गए रोजगार सहायकों एवं आवास मित्रों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र हितग्राही को समय पर पक्का आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि लंबित आवासों का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए तथा हितग्राहियों को समय पर लाभ सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में रोजगार सहायकों को विशेष रूप से निर्देश दिए गए कि वे अनिवार्य रूप से 90 दिवस के भीतर मस्टर रोल (MR) पूर्ण करें और कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई न बरतें। इसके साथ ही निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, जियो-टैगिंग, गुणवत्ता परीक्षण एवं समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक के अंत में उन आवास मित्रों को सम्मानित किया गया जिन्होंने अपने-अपने क्लस्टर क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करते हुए लक्ष्य के अनुरूप आवास निर्माण पूर्ण कराया है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए अन्य कर्मचारियों को भी उनसे प्रेरणा लेकर बेहतर प्रदर्शन करने की अपील की। बैठक में जनपद पंचायतों के अधिकारी, आवास मित्र, रोजगार सहायक एवं संबंधित विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!