फेरो मैंगनीज में मिलावट कर 48 लाख की धोखाधड़ी, अंतर्राज्यीय आरोपी अलवर से गिरफ्तार

0
IMG-20260422-WA0911

रायपुर । राजधानी के उरला थाना क्षेत्र में औद्योगिक माल की आपूर्ति में बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां परिवहन के दौरान फेरो मैंगनीज में मिलावट कर लाखों रुपये का गबन किया गया। रायपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में अंतर्राज्यीय आरोपी शौकीन खान को राजस्थान के अलवर से गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

मामले की शिकायत गाजियाबाद स्थित फ्लक्समिन मेटल प्रा. लिमिटेड के मार्केटिंग मैनेजर कुणाल जिंदल द्वारा थाना उरला में दर्ज कराई गई थी। शिकायत के अनुसार कंपनी द्वारा हीरा पावर एंड स्टील लिमिटेड, उरला के माध्यम से अपने क्लाइंट केसरी एलॉयज, भिवाड़ी (राजस्थान) को 43 मीट्रिक टन मीडियम कार्बन फेरो मैंगनीज भेजा गया था। 13 मार्च 2026 को ट्रक क्रमांक आरजे 14 जी 4320 से रवाना हुआ यह माल निर्धारित समय से 11 दिन देरी से 25 मार्च को गंतव्य तक पहुंचा।

भिवाड़ी स्थित प्लांट में गुणवत्ता जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ। 43 बैगों की सील तोड़कर उनमें गिट्टी, पत्थर और आयरन ओर मिलाए गए थे और बाद में बैगों को दोबारा सिल दिया गया था। इस मिलावट के कारण पूरा माल अनुपयोगी हो गया। कंपनी द्वारा सामग्री वापस मंगाकर जांच कराने पर भी मिलावट की पुष्टि हुई।

जांच में सामने आया कि यह कृत्य ट्रक चालक शौकीन खान द्वारा किया गया, जिसने करीब 48 लाख रुपये मूल्य के माल में हेराफेरी कर धोखाधड़ी और गबन को अंजाम दिया। इस पर थाना उरला में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 138/26 के तहत बीएनएस की धाराओं 318(4), 316(3), 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर ने अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा सहित थाना प्रभारी को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद उरला पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन राजस्थान के अलवर में मिली, जिस पर पुलिस टीम को तत्काल रवाना किया गया। अलवर पहुंचकर टीम ने घेराबंदी कर आरोपी शौकीन खान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने करीब 3 टन फेरो मैंगनीज हरियाणा निवासी एक कबाड़ी को 1.20 लाख रुपये में बेच दिया था। पुलिस टीम ने हरियाणा में भी दबिश दी, लेकिन संबंधित कबाड़ी फरार मिला।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ट्रक को जब्त कर लिया है और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।

पूरी कार्रवाई पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में उरला थाना टीम द्वारा की गई, जिसमें सउनि. महेश्वर भगत, आरक्षक सत्येंद्र प्रधान और दिनेश झा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि औद्योगिक आपूर्ति से जुड़े ऐसे मामलों में सख्ती बरती जाएगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!