पारिवारिक विवाद में बेटे ने मां की फावड़े से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

0
Screenshot_20260426_133157

रायगढ़ । रायगढ़ पुलिस ने रैरूमाखुर्द क्षेत्र में हुए सनसनीखेज मातृहत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना में आर्यन दास महन्त (20 वर्ष) को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार, मामला पुलिस चौकी रैरूमाखुर्द क्षेत्र का है, जहां ग्राम निवासी गणपत दास महन्त (60 वर्ष) ने 25 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र आर्यन परिवार में उपेक्षा की भावना से नाराज रहता था और अक्सर खिन्न रहता था। 24 अप्रैल की रात परिवार के सदस्य दुकान में सोए हुए थे।

25 अप्रैल की सुबह आरोपी आर्यन शौच से लौटने के बाद अपनी मां फुलबाई महन्त (55 वर्ष) को दुकान से बाहर खींचकर जमीन पर गिराया और घर में रखे फावड़े से गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी फावड़ा लेकर अपने पिता पर भी हमला करने दौड़ा, लेकिन गणपत दास महन्त किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भागे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी उप निरीक्षक विजय एक्का के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।

मामले में अपराध क्रमांक 109/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी जब्त कर लिया है।

कार्रवाई शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया गया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि क्षणिक आवेश में किया गया अपराध जीवनभर का पछतावा बन जाता है। ऐसे मामलों में कानून सख्त है और आरोपी को कड़ी सजा दिलाने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!