सी. राजेश्वरी का लक्ष्मी सखी मिलेट कार्ट से खुला आमदनी का रास्ता : मुख्यमंत्री के हाथों मिला रोजगार का अवसर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा – बच्चों के पढ़ाई में मिलेगी मदद
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने हेतु अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च 2026 को शुरू की गई ‘लक्ष्मी सखी मिलेट कार्ट’ योजना से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। इस योजना के तहत महिलाएं मिलेट्स से बने स्वस्थ व्यंजन आम लोगों को परोसकर रोजगार प्राप्त कर रही हैं।
राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कौशल्या विहार निवासी श्रीमती सी. राजेश्वरी राव को मिलेट कार्ट प्रदान किया।
श्रीमती राजेश्वरी ने बताया कि वे पहले अपने समृद्धि महिला स्व सहायता समूह के माध्यम से ग्रामोद्योग विभाग के अंतर्गत विभिन्न कार्य करती थीं। महिला एवं बाल विकास विभाग की इस योजना की जानकारी मिलने पर उन्होंने आवेदन किया। आज मुख्यमंत्री के हाथों मिलेट कार्ट मिलने पर उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन एवं जिला प्रशासन का धन्यवाद किया।
राजेश्वरी ने कहा कि इस योजना से उन्हें बहुत लाभ हुआ है और वे बेहद खुश हैं। मिलेट कार्ट से होने वाली आमदनी से वे अपना घर चला सकेंगी और बच्चों की पढ़ाई का खर्च भी उठा पाएंगी।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ सरकार की इस पहल से महिला स्व-सहायता समूह की महिलाएं ‘लक्ष्मी सखी मिलेट कार्ट’ के जरिए आत्मनिर्भर बन रही हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से पात्र SHG महिलाओं को आधुनिक फूड कार्ट उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिनमें कोदो, कुटकी, रागी जैसे स्थानीय मिलेट्स से बने पौष्टिक व्यंजन बेचे जा रहे हैं।
इन कार्ट्स पर रागी डोसा, कोदो इडली, ज्वार उपमा, मिलेट कुकीज जैसे हेल्दी फूड विकल्प उपलब्ध कराए जा रहे हैं। विभाग द्वारा महिलाओं को स्वच्छता और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाता है।
इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार देकर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और प्रदेश के पारंपरिक मोटे अनाज को बढ़ावा देकर लोगों को सेहतमंद भोजन का विकल्प देना है। हितग्राही महिलाओं को इस कार्ट से प्रतिदिन 500 से 1500 रुपये तक की आमदनी हो रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
