नए परिसर में समर कैंप का शुभारंभ, बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर
मुंगेली । शहर के प्रतिष्ठित अध्ययन संस्थान अध्ययन एजुकेशनल एकेडमी के नए परिसर में समर कैंप 2026 का शुभारंभ सरल, सकारात्मक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के डायरेक्टर अविनाश चौबे एवं प्राचार्या सपना जोशी द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की गई, जिसके पश्चात रिबन काटकर समर कैंप का औपचारिक उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर संस्थान के सभी शिक्षकगण, स्टाफ एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बच्चों के चेहरे पर उत्साह और उमंग साफ झलक रही थी। समर कैंप के तहत बच्चों के लिए डांस, जुम्बा, योगा, ड्रॉइंग, राइटिंग एवं स्पोकन इंग्लिश जैसी विविध गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे उनके बौद्धिक, शारीरिक एवं रचनात्मक विकास को बढ़ावा मिल सके।
प्राचार्या सपना जोशी ने बताया कि वर्तमान समय में बच्चे अवकाश के दौरान मोबाइल और डिजिटल माध्यमों में अधिक समय व्यतीत करते हैं, जिससे उनकी रचनात्मकता प्रभावित होती है। ऐसे में इस समर कैंप के माध्यम से बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे पढ़ाई के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी आगे बढ़ सकें।
डायरेक्टर अविनाश चौबे ने कहा कि छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास ही भविष्य में बड़ी सफलता का आधार बनते हैं। इसी सोच के साथ संस्थान द्वारा यह पहल की गई है। उन्होंने अभिभावकों के विश्वास एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
समर कैंप में बच्चों को विशेष प्रशिक्षण देने के लिए अनुभवी प्रशिक्षकों को जोड़ा गया है। मुंगेली के वरिष्ठ कलाकार शंकर ताम्रकार बच्चों को ड्रॉइंग एवं राइटिंग सिखाएंगे। वहीं ममता राजपूत द्वारा योगा एवं जुम्बा, कृषिका जायसवाल द्वारा डांस तथा नवीन साहू द्वारा स्पोकन इंग्लिश की कक्षाएं संचालित की जाएंगी। इसके अलावा सोम उपाध्याय बच्चों के लिए विशेष सत्र लेंगे, जिनमें उन्हें तनावमुक्त जीवन जीने की तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।
संस्थान की इस पहल को अभिभावकों एवं शहरवासियों द्वारा सराहनीय कदम बताया जा रहा है। समर कैंप के माध्यम से बच्चों को नई दिशा देने का प्रयास निश्चित रूप से उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
