सतना में अपना दल (एस) का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन, सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता कर भरी चुनावी हुंकार
भोपाल । अपना दल (एस) मध्यप्रदेश की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल के मार्गदर्शन में पार्टी के नवनिर्वाचित कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष मानसिंह बिसेन के नेतृत्व में सतना में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। वहीं प्रेस वार्ता सतना सर्किट हाउस में संपन्न हुई। रैली की शुरुआत सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर शक्ति प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्यप्रदेश प्रभारी आर.बी. सिंह पटेल, राष्ट्रीय सचिव सूर्यभान सिंह तथा राष्ट्रीय सचिव कालकाप्रसाद पटेल उपस्थित रहे। नेतृत्व दिए जाने के बाद हुए पहले कार्यक्रम को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना, युवाओं को अवसर देना तथा सामाजिक न्याय को मजबूत करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को गांव-गांव तक विस्तार देने का आह्वान किया।
प्रदेश प्रभारी आर.बी. सिंह पटेल ने कहा कि अपना दल (एस) मध्यप्रदेश में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर आगामी चुनावों में निर्णायक भूमिका निभाएगा तथा किसानों, युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाएगा। वहीं राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मालिकराम ने कहा कि वर्तमान राजनीति में जमीनी संगठन, स्पष्ट नेतृत्व और सामाजिक समीकरणों की समझ ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि अपना दल (एस) मध्यप्रदेश में एक सशक्त वैकल्पिक राजनीतिक शक्ति के रूप में उभरने की क्षमता रखता है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव कालकाप्रसाद पटेल ने कहा कि पार्टी सामाजिक न्याय, समान भागीदारी और विकास के मुद्दों को लेकर लगातार जनता के बीच कार्य कर रही है तथा प्रदेश में तेजी से जनसमर्थन प्राप्त कर रही है। कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष मानसिंह बिसेन ने कहा कि सतना से प्रारंभ हुआ यह अभियान पूरे प्रदेश में संगठन विस्तार का मजबूत आधार बनेगा और प्रत्येक जिले में कार्यकर्ताओं को जोड़कर पार्टी को सशक्त बनाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया तथा पार्टी नेतृत्व ने प्रदेशभर में जनजागरण अभियान चलाने का संकल्प लिया। गौरतलब है कि पार्टी के इस कदम के बाद प्रदेश में तीसरे दल के विकल्प पर मजबूती से बात होना शुरू हो गई है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
