पीएफ निकालने रिश्वत मांगना पड़ा भारी, सीबीआई ने एसईसीएल कुसमुंडा के क्लर्क को रंगे हाथ दबोचा

0
02-21

खदान कर्मी से मांगी थी घूस, भिलाई से पहुंची सीबीआई टीम ने की कार्रवाई

कोरबा। एसईसीएल कुसमुंडा क्षेत्र के सीएमपीएफ विभाग में पदस्थ एक क्लर्क को पीएफ राशि निकालने के एवज में रिश्वत मांगना महंगा पड़ गया। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने रविवार को विभागीय क्लर्क मनोहर लाल कौशिक को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद विभागीय कार्यालय में हड़कंप मच गया, वहीं खदान कर्मियों में खुशी और संतोष का माहौल देखा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, एक खदान कर्मी अपने भविष्य निधि (पीएफ) की राशि निकालने के लिए लंबे समय से सीएमपीएफ कार्यालय के चक्कर लगा रहा था। पीड़ित कर्मी ने आरोप लगाया कि विभाग में कार्यरत क्लर्क मनोहर लाल कौशिक बार-बार फाइल में कमी बताकर उसे परेशान कर रहा था। बाद में आरोपी क्लर्क ने काम कराने के एवज में रिश्वत की मांग की।

लगातार परेशान होने के बाद खदान कर्मी ने मामले की शिकायत सीबीआई से की। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने पूरे मामले की गोपनीय जांच की और रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर आरोपी को पकड़ने के लिए रणनीति तैयार की।

बताया जा रहा है कि भिलाई से दो वाहनों में सीबीआई की विशेष टीम कुसमुंडा पहुंची। योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई करते हुए टीम ने आरोपी क्लर्क मनोहर लाल कौशिक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कर्मचारियों में चर्चा का दौर शुरू हो गया।

सीबीआई द्वारा आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही रिश्वतखोरी के इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद खदान कर्मियों में राहत और खुशी देखी जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि विभाग में लंबे समय से काम के बदले पैसों की मांग की शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से भ्रष्टाचार बढ़ता जा रहा था। सीबीआई की इस कार्रवाई को कर्मचारी भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई मान रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अब सभी की नजर सीबीआई की आगे की जांच पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!