सुरक्षित मातृत्व की दिशा में बड़ा कदम: निजी अस्पतालों को आर.सी.एच. 2.0 पोर्टल का दिया गया प्रशिक्षण

0
IMG_20260514_120324_793

मुंगेली । जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए आर.सी.एच. 2.0 पोर्टल के क्रियान्वयन हेतु निजी अस्पतालों के चिकित्सकों एवं स्टाफ नर्सों को प्रशिक्षण दिया गया। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी निजी अस्पतालों के चिकित्सक एवं स्टाफ नर्स शामिल हुए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि भारत सरकार द्वारा गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, सुरक्षित प्रसव एवं उच्च जोखिम गर्भावस्था वाली महिलाओं की सतत निगरानी और बेहतर प्रबंधन के उद्देश्य से आर.सी.एच. 2.0 पोर्टल विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से गर्भवती महिलाओं की समस्त स्वास्थ्य जांच, उपचार एवं प्रसव संबंधी जानकारी ऑनलाइन दर्ज की जाएगी, जिससे समय पर निगरानी और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना आसान होगा। अब निजी अस्पतालों को भी इस व्यवस्था से जोड़ा गया है, ताकि प्रत्येक गर्भवती महिला का रिकॉर्ड सुव्यवस्थित तरीके से दर्ज हो सके और सुरक्षित मातृत्व अभियान को मजबूती मिल सके।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर जिला प्रबंधक डाटा शैलेष देवांगन एवं डीपीएचएनओ श्रीमती रंजिता निर्मलकर द्वारा आर.सी.एच. 2.0 पोर्टल के संचालन, डेटा एंट्री प्रक्रिया एवं तकनीकी पहलुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही पोर्टल के माध्यम से उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की पहचान एवं समय पर उपचार सुनिश्चित करने के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. कमलेश कुमार सहित निजी अस्पतालों के चिकित्सक एवं स्टाफ नर्स उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!