आम के पेड़ के नीचे लगी जन चौपाल, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
जरहापारा में ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, देवगुड़ी निर्माण के लिए 5 लाख रुपये की घोषणा
कहा- वनांचलों के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध
रायपुर/लोरमी। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं लोरमी विधायक अरुण साव ने रविवार को लोरमी क्षेत्र के वनांचल ग्राम जरहापारा में आम के पेड़ की छांव तले जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने गांव के लोगों की समस्याएं सुनीं, विभिन्न शासकीय योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी ली तथा ग्रामीणों से विकास कार्यों का फीडबैक प्राप्त किया।
ग्रामीण परिवेश में आयोजित इस चौपाल में उपमुख्यमंत्री ने गांव के बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और जनप्रतिनिधियों से सीधे चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और इसके लिए प्रशासन को लगातार सक्रिय किया जा रहा है।

ग्रामीणों की समस्याओं का किया समाधान
जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, आवास, बिजली तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याएं उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। श्री साव ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण करने को कहा।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा। सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
देवगुड़ी निर्माण के लिए 5 लाख रुपये की घोषणा
ग्रामीणों की मांग पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने ग्राम जरहापारा में देवगुड़ी निर्माण के लिए 5 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की। इस घोषणा पर ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
वन ग्रामों को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार वनांचल क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जनमन योजना एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से वन ग्रामों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है ताकि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी विकास का समान लाभ मिल सके।

ग्रामीणों ने दिया योजनाओं का फीडबैक
चौपाल में ग्रामीणों ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में अपने अनुभव साझा किए। कई हितग्राहियों ने आवास, राशन, पेंशन और अन्य योजनाओं से मिले लाभ की जानकारी दी। उपमुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से सुझाव भी लिए और विकास कार्यों को और बेहतर बनाने के लिए उनकी सहभागिता पर बल दिया।
आम के पेड़ की छांव में आयोजित यह जन चौपाल ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद का प्रभावी मंच साबित हुई, जहां लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे शासन तक पहुंचाईं और विकास कार्यों पर खुलकर चर्चा की।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

