बरसात से पहले मिली सुरक्षित छत
प्रधानमंत्री आवास योजना से पूरा हुआ सपना
रायपुर । वर्षों तक कच्चे मकान में रहने के बाद अब दिनेश कुमार निषाद का परिवार राहत और सुकून की सांस ले रहा है। हर बरसात में घर की सुरक्षा को लेकर बनी रहने वाली चिंता अब अतीत की बात हो चुकी है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत मिले पक्के घर ने उनके परिवार को न केवल सुरक्षित आश्रय दिया है, बल्कि सम्मानजनक जीवन की नई उम्मीद भी जगाई है।
राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम रेंगाकठेरा निवासी दिनेश कुमार निषाद उन ग्रामीण हितग्राहियों में शामिल हैं, जिनके जीवन में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं ने सकारात्मक बदलाव लाया है। सुशासन तिहार 2026 के दौरान आयोजित शिविर में उन्हें नवनिर्मित आवास की चाबी सौंपी गई, जिससे वर्षों पुराना उनका सपना साकार हो गया।
दिनेश बताते हैं कि कच्चे मकान में रहने के दौरान उनका परिवार हर मौसम में कठिनाइयों का सामना करता था। विशेष रूप से बरसात के दिनों में घर की मजबूती और सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती थी। तेज बारिश, आंधी-तूफान और अन्य प्राकृतिक परिस्थितियों के बीच परिवार को कई तरह की परेशानियां झेलनी पड़ती थीं। घर में जीव-जंतुओं और बंदरों का प्रवेश भी एक बड़ी समस्या था।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान मिलने के बाद अब उनकी जिंदगी में बड़ा बदलाव आया है। दिनेश कहते हैं कि बारिश शुरू होने से पहले नया घर मिलना उनके लिए किसी अनमोल उपहार से कम नहीं है।
दिनेश कुमार निषाद प्रधानमंत्री आवास योजना को ग्रामीण गरीब परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताते हैं। उनका कहना है कि इस योजना ने उनके परिवार को नई खुशियां, सुरक्षा और सम्मान प्रदान किया है। उन्होंने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की योजनाएं वास्तव में जरूरतमंद लोगों के जीवन में बदलाव ला रही हैं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

