पीएम श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी विद्यालय दाऊपारा में महादेव यादव ने प्रभारी प्राचार्य का पदभार संभाला
मुंगेली। जिले के पीएम श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी विद्यालय दाऊपारा में वरिष्ठ शिक्षक महादेव यादव ने नवनियुक्त प्रभारी प्राचार्य के रूप में बुधवार को विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, संकुल परिवार के सदस्य तथा शाला प्रबंधन विकास समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
पदभार ग्रहण करने के बाद अपने संबोधन में महादेव यादव ने पूर्व प्राचार्य डॉ. आई.पी. यादव के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके जैसा कर्तव्यनिष्ठ, मेहनती, कर्मठ और अनुभवी प्राचार्य मिलना दुर्लभ है। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार को आज भी उनके मार्गदर्शन की कमी महसूस हो रही है, लेकिन उनके द्वारा स्थापित अनुशासन, कार्य संस्कृति और शैक्षणिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता विद्यालय को शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। इसके लिए सभी शिक्षक आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करेंगे तथा शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार किया जाएगा तथा शिक्षा विभाग की सभी योजनाओं का लाभ प्रत्येक छात्र तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
महादेव यादव ने विद्यालय में पारदर्शिता, अनुशासन और सुशासन आधारित शैक्षिक कार्यप्रणाली को प्राथमिकता देने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों पर भी विशेष बल दिया जाएगा।
इस अवसर पर शाला प्रबंधन विकास समिति (एसएमडीसी) के अध्यक्ष रामशरण यादव ने कहा कि महादेव यादव के लंबे शैक्षणिक अनुभव और प्रशासनिक क्षमता का लाभ विद्यालय तथा संकुल परिवार को मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में विद्यालय नई उपलब्धियां हासिल करेगा और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर पहचान बनाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने प्रभारी प्राचार्य महादेव यादव को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
इस अवसर पर एसएमडीसी अध्यक्ष रामशरण यादव, शैक्षिक समन्वयक नेमीचंद भास्कर, शिक्षक पंकज मिश्रा, दुर्गेश देवांगन, राहुल वर्मा, प्रकाश श्रीवास, मनीष जायसवाल तथा लिपिक बंशी प्रजापति सहित विद्यालय एवं संकुल परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

