सुशासन तिहार: दूरस्थ गांवों में पहुंचीं शासकीय सुविधाएं ग्रामीणों को मौके पर मिले प्रमाण पत्र
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित सुशासन तिहार 2026 के तहत सुकमा जिले के कोंटा विकासखंड के दूरस्थ एवं संवेदनशील ग्राम पिड़मेल, नरसापुरम और तोंगपल्ली में समाधान शिविरों का सफल आयोजन किया गया। शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ उठाया। इन शिविरों के माध्यम से प्रशासन सीधे ग्रामीणों के गांव तक पहुंचा और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान किया। वर्षों से विभिन्न दस्तावेजों और शासकीय सेवाओं के लिए भटकने वाले लोगों को अब अपने गांव में ही सुविधाएं मिलने लगी हैं, जिससे उनमें खुशी और संतोष का माहौल है। शिविरों में ग्रामीणों को जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, बी-1 एवं खसरा दस्तावेज तत्काल उपलब्ध कराए गए। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार की व्यवस्था भी की गई।
प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों का तत्काल निराकरण किया। इससे ग्रामीणों के समय और धन की बचत हुई तथा शासन की सेवाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य को मजबूती मिली। सुशासन तिहार केवल शासकीय सेवाओं के वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सामाजिक सरोकारों का भी सशक्त मंच बना। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक गोद भराई तथा बच्चों के अन्नप्राशन संस्कार का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों से ग्रामीणों में आत्मीयता और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहली बार शासन और प्रशासन उनके घर-आंगन तक पहुंचा है। उन्होंने इस पहल को दूरस्थ क्षेत्रों के विकास और जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। सुशासन तिहार के माध्यम से शासन और जनता के बीच विश्वास मजबूत हो रहा है तथा दूरस्थ अंचलों में समावेशी विकास की नई तस्वीर उभर रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

