मुख्यमंत्री साय ने पर्यावरण संरक्षण को बताया आने वाली पीढ़ियों के प्रति नैतिक जिम्मेदारी
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्व पर्यावरण दिवस पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ देते हुए प्रकृति व मानव जीवन के अटूट संबंध को रेखांकित कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक सहभागिता का आह्वान किया है। श्री साय ने कहा कि प्रकृति जीवन का आधार है, और यह हमारी संस्कृति, सभ्यता और अस्तित्व की भी सबसे बड़ी संरक्षक है। पर्यावरण का संरक्षण करना केवल एक शासकीय या सामाजिक दायित्व नहीं है, बल्कि यह हमारी आने वाली पीढ़ियों के प्रति एक बड़ी नैतिक जिम्मेदारी भी है। श्री साय ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नागरिकों से अपील की कि वे प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन और संरक्षण के लिए आगे आएँ। श्री साय ने सभी से एक हरित, स्वच्छ और समृद्ध भारत के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देने और इसके लिए पूरी निष्ठा से संकल्पित होने का आग्रह किया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने रायपुर निवास पर किया पौधरोपण
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को देवेंद्र नगर, रायपुर स्थित निवास कार्यालय में विशेष पौधरोपण कार्यक्रम में ‘एक पौधा, एक संकल्प : हरित भविष्य की ओर एक सार्थक कदम’ के ध्येय के साथ स्वयं पौधरोपण किया और समाज को प्रकृति संरक्षण का एक मजबूत संदेश देने का प्रयास किया। इस अवसर पर श्री देव ने कहा कि धरती को हरा-भरा रखना और पर्यावरण को संतुलित बनाना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्षारोपण केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि हमारी भावी पीढ़ियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ा एक महत्वपूर्ण कदम है। श्री देव ने प्रदेश के सभी नागरिकों और युवाओं से मिलकर काम करने का आह्वान किया और कहा कि हम सब मिलकर इस धरती को सुंदर और हरा-भरा बनाने का संकल्प लें और आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ, सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त पर्यावरण सौंपने के लिए अधिक-से-अधिक संख्या में वृक्षारोपण करें।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में विश्व पर्यावरण दिवस पर हुआ पौधरोपण विश्व पर्यावरण दिवस पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय द्वारा परिसर में पौधे रोपे गए और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री जम्वाल ने कहा कि प्रकृति और प्रगति के बीच संतुलन बनाए रखना ही सतत विकास का आधार है। आज के आधुनिक युग में जहाँ विकास आवश्यक है, वहीं आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण को सुरक्षित और हरा-भरा बनाए रखना भी हमारी परम जिम्मेदारी है। धरती और प्रकृति का संरक्षण करके ही हम एक स्वस्थ और समृद्ध भविष्य की नींव रख सकते हैं। भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों से भी अपील की कि वे इस पर्यावरण दिवस पर न केवल एक पौधा लगाएँ, बल्कि उसके बड़े होने तक उसकी पूरी देखभाल करने का संकल्प भी लें। इस अवसर पर प्रदेश कार्यालय के पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने पर्यावरण को स्वच्छ और सुंदर बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

