अमरकंटक में राजस्थान के श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा को अर्पित की विशाल चुनरी ,
शांतिकुटी आश्रम में शिवमहापुराण कथा के साथ भक्ति भाव में सराबोर रहे राजस्थानी श्रद्धालुजन
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक जो प्रदेश के प्रमुख धार्मिक , आध्यात्मिक एवं पर्यटन का केंद्र है ।
अमरकंटक के शांति कुटी आश्रम में राजस्थान से पधारे लगभग 400 श्रद्धालुजन शिव महापुराण कथा का आयोजन किया गया है जिन्होंने आज शनिवार को रामघाट में सायंकाल बांके बिहारी सत्संग समिति भीलवाड़ा (राजस्थान) के तत्वावधान में मां नर्मदा जी को श्रद्धा एवं भक्ति भाव से विशाल चुनरी अर्पित की गई । इस अवसर पर राजस्थान से आए सैकड़ों शिवभक्त श्रद्धालुओं ने विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन कर पुण्य सलिला मां नर्मदा का आशीर्वाद प्राप्त किया ।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के भीलवाड़ा , उदयपुर , जोधपुर , धौलपुर , जयपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने भजन कीर्तन करते रामघाट पहुंचकर पूजन-अर्चन एवं मंत्रोच्चार के बीच मां नर्मदा को विशाल चुनरी समर्पित की । महिलाओं एवं पुरुषों ने अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ चुनरी महोत्सव यात्रा में सहभागिता निभाई ।
शांति कुटी आश्रम के श्रीमहंत स्वामी रामभूषण दास जी महाराज ने बताया कि 04 जून से 10 जून 2026 तक आयोजित सात दिवसीय संगीतमय शिव महापुराण कथा में शामिल होने श्रद्धालुओं ने अमरकंटक पहुंचे हैं ।
कथा का वाचन व्यासपीठ से पूज्य चैतन्य दास जी महाराज द्वारा किया जा रहा है । श्रद्धालु प्रतिदिन कथा श्रवण कर शिव भक्ति में लीन हो रहे हैं ।
शनिवार को शांति कुटी आश्रम परिसर से रामघाट नर्मदा उत्तर तट तक भव्य चुनरी महोत्सव यात्रा निकाली गई । यात्रा में श्रद्धालु पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में सुसज्जित होकर ढपली एवं अन्य वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों पर भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़े । महिलाएं सिर पर चुनरी धारण कर मां नर्मदा के जयकारों के साथ यात्रा में शामिल रहीं ।
रामघाट पहुंचने पर आचार्य एवं पुरोहितों के मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन-अर्चन सम्पन्न कराया गया तथा मां नर्मदा को विशाल चुनरी अर्पित की गई । इसके पश्चात नर्मदा आरती का आयोजन हुआ और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया । पूरे आयोजन के दौरान रामघाट का वातावरण भक्तिमय बना रहा तथा श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर दिखाई दिए ।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

