महतारी वंदन से संवरा बचपन कांति राजवाड़े को बच्चों के पोषण और सेहत से दूर हुई चिंता
सूरजपुर की कांति को मिली योजना से संबल, अब परिवार के खान-पान और स्वास्थ्य पर दे रहीं विशेष ध्यान
रायपुर । राज्य शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना आज छत्तीसगढ़ के ग्रामीण और शहरी अंचलों में महिलाओं के जीवन को एक नई दिशा दे रही है। यह योजना न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बना रही है, बल्कि उनके परिवारों की खुशहाली का आधार भी सिद्ध हो रही है। ऐसी ही एक प्रेरणादायक और सुखद कहानी सूरजपुर जिले के ग्राम पीढ़ा की रहने वाली कांति राजवाड़े की है।
सीमित आय की चिंता हुई दूर ग्राम पीढ़ा निवासी कांति राजवाड़े पति श्री कैलाशपति राजवाड़े बताती हैं कि पहले परिवार की आय सीमित होने के कारण रोजमर्रा की जरूरतों और बच्चों की परवरिश के बीच संतुलन बनाना एक बड़ी चुनौती थी। पैसों की तंगी की वजह से कई बार बच्चों के खान-पान और पोषण से समझौता करना पड़ता था। श्रीमती कांति राजवाड़े कहती है कि पहले सीमित आय के कारण परिवार की सभी जरूरतों को पूरा करना कठिन हो जाता था। लेकिन जब से महतारी वंदन योजना शुरू हुई है, हमारी एक बड़ी चिंता दूर हो गई है।
बच्चों की सेहत और पोषण पर विशेष फोकस कांति राजवाड़े ने बताया कि योजना के तहत हर महीने मिलने वाली निश्चित आर्थिक सहायता उनके परिवार के लिए एक बड़ा संबल बनकर आई है। अब वे इस राशि का उपयोग मुख्य रूप से अपने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और पौष्टिक खान-पान के लिए कर रही हैं। बच्चों के लिए दूध, फल और हरी सब्जियां अब नियमित रूप से घर आ रही हैं। बच्चों की छोटी-मोटी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों और दवाओं के लिए अब किसी के आगे हाथ फैलाने की जरूरत नहीं पड़ती। समय पर मिल रही इस सहायता से पूरे परिवार के रहन-सहन और जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है।
निर्णय लेने की मिली आजादी, मुख्यमंत्री का जताया आभार कांति का मानना है कि यह योजना केवल एक आर्थिक मदद नहीं, बल्कि महिलाओं को मानसिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार की एक बेमिसाल पहल है। इस राशि के हाथ में आने से महिलाओं में यह आत्मविश्वास जगा है कि वे अपने परिवार के कल्याण के लिए स्वतंत्र रूप से निर्णय ले सकती हैं। योजना से मिले इस नए हौसले और खुशहाली के लिए कांति राजवाड़े ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं राज्य शासन का सहृदय आभार व्यक्त किया है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

