समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँच रहा सुशासनः वन मंत्री केदार कश्यप
समाज के हर परिवार को पक्का आवास, खाद्यान्न और बुनियादी सुविधाएं के लिए सरकार प्रतिबद्ध- राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा
नारायणपुर को 6.70 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात
रायपुर । छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और सुशासन के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए नारायणपुर जिले में विकास की नई इबारत लिखी गई है। जिले के ग्राम हलामी मुंजमेटा में आयोजित भव्य सुशासन तिहार एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप तथा राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा शामिल हुए। इस गरिमामयी अवसर पर मंत्रियों ने क्षेत्रवासियों को 6 करोड़ 70 लाख 78 हजार रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास व निर्माण कार्यों की बड़ी सौगात देते हुए उनका लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
बुनियादी ढांचे को मिलेगी मजबूती, स्वीकृत हुए कई बड़े कार्य ग्रामीण अंचलों में कनेक्टिविटी और सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई। इसमें मुख्य रूप से पल्ली-छोटेडोंगर-ओरछा मार्ग में माड़िन नाला में उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 4.85 करोड़ रुपए से अधिक की राशि स्वीकृत की गई, शामिल है। ग्राम बावड़ी व करलखा में पुलिया, नाली तथा सीसी सड़क निर्माण के लिए क्रमशः 4.19 लाख, 19.39 लाख और 16.36 लाख रुपए के कार्यों का भूमिपूजन हुआ। सुलेंगा (गुरिया व धौड़ई) में खाद्यान्न भंडारण कक्ष के लिए 13.76 लाख रुपए तथा बालक आश्रम में अतिरिक्त शयन कक्ष के लिए 19.87 लाख रुपए के निर्माण की मंजूरी दी गई। भाटपाल एवं नारायणपुर में पूर्व पुलिस कैंप भवन को 44.96 लाख रुपए की लागत से सर्वसुविधायुक्त आश्रम शाला के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही, जिला पशु चिकित्सालय भवन हेतु 66.48 लाख रुपए की स्वीकृत किए गए, शामिल हैं।
लखपति दीदियों की आर्थिक स्वावलंबन की सराहना इस अवसर पर वन एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप ने सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि नारायणपुर जिले के समग्र विकास के लिए लगभग ढाई हजार करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की गई है, जिससे सड़क और पुल-पुलिया जैसी आधारभूत संरचनाओं का कायाकल्प हो रहा है। श्री कश्यप ने कार्यक्रम के दौरान लखपति दीदियों से सीधा संवाद कर उनके आर्थिक स्वावलंबन की सराहना की और अधिकारियों को मानसून से पहले सभी स्कूल भवनों की मरम्मत पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने जनहित में कई बड़ी घोषणाएं कीं, जिसमे हलामी मुंजमेटा में यात्री प्रतीक्षालय तथा मारकाबेड़ा में नया आंगनबाड़ी केंद्र,करमरी में खेल मैदान एवं एड़का में साहू समाज भवन का निर्माण,नाऊमुंजमेटा में सीसी सड़क-नाली, बाजार स्थल में शेड व हाईमास्ट लाइट, और फरसगांव-मसपुर मार्ग पर 3 किमी सड़क निर्माण शामिल है।
छत्तीसगढ़ समृद्ध प्रदेश बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर इसी तरह समारोह को संबोधित करते हुए राजस्व, आपदा प्रबंधन एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य वर्ष 2047 तक एक विकसित और समृद्ध प्रदेश बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की गारंटी के तहत समाज के हर परिवार को पक्का आवास, खाद्यान्न और बुनियादी सुविधाएं देना हमारा मुख्य लक्ष्य है। प्रदेश में अब तक 26 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हो चुके हैं, जिसमें से अकेले हलामी मुंजमेटा क्लस्टर में 500 आवासों का निर्माण कार्य जल्द पूरा किया जाएगा।
बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर बल मंत्री श्री वर्मा ने बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर बल देते हुए कहा कि यहाँ की परंपराएं वैश्विक स्तर पर पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देंगी। इसके साथ ही उन्होंने मारकाबेड़ा में नई सीसी सड़क एवं पुलिया निर्माण की महत्वपूर्ण घोषणा भी की।
योजनाओं का सीधा लाभः हितग्राहियों के चेहरे खिले सुशासन शिविर के मंच से मंत्रियों द्वारा विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सीधे लाभान्वित किया गया। स्वामित्व योजना के तहत भू-दस्तावेजों का वितरण,कृषि व पंचायत विभाग द्वारा उन्नत बीजों का वितरण एवं पूर्ण हो चुके प्रधानमंत्री आवासों की खुशियों की चाबी सौंपी गई। इसी तरह जरूरतमंदों को राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, श्रम पंजीयन कार्ड तथा समाज कल्याण विभाग की ओर से व्हीलचेयर व सहायक छड़ियां प्रदान की गईं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

