मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता सुधार अभियान के तहत एफएलएन मेला व प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन।
मुंगेली। जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधार और प्राथमिक स्तर पर बुनियादी साक्षरता तथा संख्याज्ञान को मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता सुधार बैठक एवं एफएलएन मेला प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन विकासखंड मुंगेली में किया गया। यह कार्यक्रम शिक्षा सचिव तथा डाइट पेंड्रा के निर्देशानुसार एवं जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। इसमें विकासखंड के सभी संकुलों के प्राथमिक एवं मिडिल स्कूलों के प्रधानपाठकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी जे.के. बावरे ने हाल ही में शिक्षा सचिव द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों को विस्तार से साझा किया। उन्होंने कहा कि शालाओं में बेहतर शिक्षण वातावरण तैयार करना, विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता को बढ़ाना और शासन की शिक्षा संबंधी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करना प्रत्येक प्रधानपाठक की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्रवृत्ति योजना, आधार आईडी, यू-डाइस डेटा, 90+ अभियान, वीरगाथा कार्यक्रम, उल्लास उत्सव, शिक्षकों की शत-प्रतिशत ऑनलाइन उपस्थिति और ‘वंदे मातरम्’ कार्यक्रम की तैयारी जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया। विकासखंड स्त्रोत समन्वयक एस.के. उपाध्याय ने शालाओं में स्वच्छता, पेयजल की उपलब्धता, रसोई एवं कीचन गार्डन, शाला भवन रखरखाव और अन्य शैक्षणिक संसाधनों के सही उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रधानपाठकों को यह भी निर्देशित किया कि शाला संचालन से जुड़े सभी आवश्यक अभिलेख एवं आँकड़े समय सीमा के भीतर अद्यतन किए जाएं। एफएलएन (Foundational Literacy & Numeracy) मेला संबंधी शंका समाधान के लिए आयोजित विशेष कार्यशाला में बीआरजी ब्रजेश्वर मिश्रा और दुर्गेश देवांगन ने 14 नवंबर को सभी प्राथमिक विद्यालयों एवं बालवाड़ी केंद्रों में आयोजित होने वाले मेले की रूपरेखा बताई। उन्होंने कहा कि बच्चों को खेल-आधारित, रोचक और गतिविधि-आधारित शिक्षण पद्धति से जोड़ना ही इस मेले का मुख्य उद्देश्य है। इसके अंतर्गत अक्षर ज्ञान, शब्द निर्माण, गणना, तुलना, मापन और अन्य बुनियादी कौशल को बच्चों में सहज रूप से विकसित कराया जाएगा।कार्यक्रम में शैक्षिक समन्वयक निर्मलदास मानिकपुरी, अमिताभ शर्मा, उमेश साहू सहित विभिन्न संकुलों के सीएसी एवं एफएलएन टीम के सदस्य उपस्थित रहे। एंजल भारत मैडम ने भी शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार पर अपने सुझाव रखे।कार्यक्रम का संचालन अमिताभ शर्मा ने किया तथा आभार प्रदर्शन दुर्गेश देवांगन द्वारा किया गया। यह आयोजन जिले में न सिर्फ शिक्षा के स्तर को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए बुनियादी शिक्षण प्रक्रिया को नई दिशा देने का प्रयास भी है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




