गरीब कल्याण योजनाओं ने बदला देश के करोड़ों नागरिकों का जीवन स्तर : अखिलेश सोनी
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई देते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का यह कार्यकाल भारत के इतिहास में ‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण’ के स्वर्णिम युग के रूप में दर्ज हो चुका है। साल 2014 से शुरू हुई यह विकास यात्रा आज भारत को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा रही है। भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री सोनी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने बुनियादी ढाँचे के क्षेत्र में क्रांतिकारी प्रगति देखी है। आज देश के गाँवों तक पक्की सड़कें, 24 घंटे बिजली और डिजिटल कनेक्टिविटी पहुँच चुकी है। ‘डिजिटल इंडिया’ अभियान ने देश के अन्तिम व्यक्ति को बैंकिंग और सरकारी सेवाओं से सीधे जोड़ा है, जिससे भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है और पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है। आयुष्मान भारत योजना के तहत करोड़ों गरीबों को मुफ्त इलाज, पीएम आवास योजना से पक्के मकान और जल जीवन मिशन के जरिए हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुँचाना मोदी सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। मोदी सरकार की नीतियां केवल कागजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनका सीधा लाभ धरातल पर जनता को मिल रहा है। आने वाले समय में यह विकास यात्रा भारत को एक पूर्ण ‘विकसित राष्ट्र’ बनाने के संकल्प को सिद्ध करेगी। श्री सोनी ने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की आवाज को सम्मान से सुना जाता है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत न केवल आत्मनिर्भर बना है, बल्कि वैश्विक संकटों में एक संकटमोचक की भूमिका निभा रहा है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

