गांव-शहर चलो अभियान: प्रशासन पहुंचा जनता के द्वार, समस्याओं का होगा समयबद्ध समाधान
मुंगेली । कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में आमजनों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने अभिनव पहल की जा रही है। यह अभियान जिले में प्रशासन और जनता के बीच सतत संवाद एवं प्रभावी संपर्क का मजबूत माध्यम बनकर उभर रहा है। सुशासन तिहार के बाद शुरू किए गए इस विशेष अभियान के तहत विभिन्न विभागों के अधिकारी लगातार क्षेत्र भ्रमण कर जमीनी स्तर पर समस्याओं का निराकरण कर रहे हैं तथा पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
कलेक्टर ने जिले में गांव-शहर चलो अभियान की पहल करते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को आगामी 15 दिनों तक क्षेत्र भ्रमण कर जमीनी स्तर पर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि सुशासन तिहार के बाद यह अभियान प्रशासन और जनता के बीच सतत संवाद एवं प्रभावी संपर्क का मजबूत माध्यम बनेगा। इससे छूटे हुए पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने प्रयास किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य केवल निरीक्षण करना नहीं, बल्कि मौके पर समस्याओं की पहचान कर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन जनता के द्वार तक पहुंचकर उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं को समझ रहा है, जिससे शासन की योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंच सकेगा।
अभियान के अंतर्गत पशुपालन विभाग, कृषि विभाग, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने अचानकमार टाइगर रिजर्व के कोर एरिया अंतर्गत ग्राम सुरही, महामाई, डगनिया तथा उनके आश्रित पारा डोगरीपारा, नदियापारा और तालाबपारा में ग्रामीणों एवं पशुपालकों को पशुओं में होने वाली मौसमी बीमारियों, टीकाकरण एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों को सभी पशुओं का समय पर टीकाकरण कराने की सलाह दी गई।
अभियान अंतर्गत कृषि विभाग के उपसंचालक ने खाद वितरण केंद्रों एवं निजी उर्वरक विक्रय केंद्रों का निरीक्षण कर किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि किसानों को सुगमता से खाद उपलब्ध कराने के लिए पानी, टेंट एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ रहा है। इसी प्रकार खाद्य अधिकारी एवं डीएम नॉन के द्वारा अचानकमार क्षेत्र के पहुंचविहीन ग्रामों छपरवा, महामाई में संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि इन दुकानों में सितंबर माह तक का खाद्यान्न भंडारण उपलब्ध है तथा निर्धारित समयानुसार वितरण भी किया जा रहा है। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के ग्रामीणों को खाद्यान्न की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित हो रही है। इसी तरह सीसीबी नोडल अधिकारी द्वारा शिवपुर स्थित खाद गोदाम का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय गोदाम में कार्यरत हमालों एवं कर्मचारियों ने पेयजल समस्या से अवगत कराया। अधिकारियों ने खराब हैंडपंप की जानकारी प्राप्त कर उसके शीघ्र सुधार के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए, ताकि श्रमिकों एवं कर्मचारियों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सके।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

