NTPC World Environment Day

“एक परिवार : एक संकल्प” के साथ संपन्न हुआ अंतरराष्ट्रीय समपार जागरूकता सप्ताह

0
IMG-20260612-WA1241

74 समपार फाटकों वाले बिलासपुर मंडल में सात दिनों तक चला व्यापक जनजागरूकता अभियान

16 हजार से अधिक विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने ली सुरक्षा शपथ, 54 से अधिक गांवों में 8600 से अधिक ग्रामीणों से हुआ जनसंवाद

बिलासपुर । दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल द्वारा अंतरराष्ट्रीय समपार जागरूकता सप्ताह-2026 के अंतर्गत आयोजित सात दिवसीय विशेष जनजागरूकता अभियान का आज सफलतापूर्वक समापन हो गया। सप्ताह के अंतिम दिन “एक परिवार : एक संकल्प” थीम के अंतर्गत सैकड़ों परिवारों को समपार सुरक्षा, रेल लाइन सुरक्षा एवं सुरक्षित रेल संचालन के प्रति सामूहिक संकल्प दिलाया गया।

मंडल रेल प्रबंधक  राकेश रंजन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी  साकेत रंजन के नेतृत्व में संचालित इस अभियान का उद्देश्य बिलासपुर मंडल के अंतर्गत स्थित 74 समपार फाटकों पर सुरक्षित व्यवहार को बढ़ावा देना तथा नागरिकों में रेलवे संरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना था।

इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय समपार जागरूकता सप्ताह को बिलासपुर मंडल द्वारा अभिनव एवं थीम आधारित स्वरूप में आयोजित किया गया। अभियान का शुभारंभ समपार सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों से हुआ, जबकि सप्ताह के दौरान मानव श्रृंखला, सुरक्षा शपथ, ग्राम संपर्क एवं जनसंवाद, “60 सेकंड ऑफ साइलेंस”, “एक सेल्फी : सुरक्षा के नाम” तथा “एक परिवार : एक संकल्प” जैसी जनभागीदारी आधारित गतिविधियों के माध्यम से रेलवे सुरक्षा के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया गया।

अभियान के दौरान बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती, रायगढ़, कोरबा, सुंदरगढ़, पेंड्रा-मरवाही, कोरिया-मनेन्द्रगढ़-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, अंबिकापुर, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया एवं कटनी जिलों के 42 विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विभिन्न संस्थाओं में लगभग 16,000 विद्यार्थियों एवं नागरिकों को समपार सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। वहीं, 54 से अधिक गांवों एवं बस्तियों में आयोजित जनसंवाद एवं ग्राम संपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से 8600 से अधिक ग्रामीण नागरिकों तक रेलवे संरक्षा का संदेश पहुंचाया गया।

ग्रामीणों को समपार फाटक पार करने के सुरक्षित तरीके, रेल लाइन के समीप सतर्कता, बच्चों एवं पशुधन की सुरक्षा तथा रेलवे ट्रैक के आसपास असुरक्षित गतिविधियों से बचने के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही नागरिकों को यह संदेश दिया गया कि कुछ क्षणों का धैर्य एवं सावधानी अनेक अनमोल जीवन बचा सकती है।

विशेष रूप से “एक सेल्फी : सुरक्षा के नाम” तथा “एक परिवार : एक संकल्प” जैसी अभिनव पहलों को नागरिकों का व्यापक समर्थन प्राप्त हुआ। इन कार्यक्रमों ने रेलवे संरक्षा संदेश को केवल जागरूकता अभियान तक सीमित न रखकर जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया।

अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल, परिचालन, इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार, विद्युत तथा संरक्षा विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। भारत स्काउट एवं गाइड, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों, ग्राम पंचायतों एवं स्थानीय नागरिकों का भी उल्लेखनीय सहयोग प्राप्त हुआ।

बिलासपुर मंडल का मानना है कि समपार दुर्घटनाओं की रोकथाम केवल रेलवे की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की साझी जिम्मेदारी है। सप्ताह भर प्राप्त जनसहभागिता ने यह सिद्ध किया है कि जागरूकता एवं सामुदायिक सहयोग के माध्यम से सुरक्षित रेल संचालन के लक्ष्य को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकता है।

“एक परिवार : एक संकल्प”
“सुरक्षित समपार – सुरक्षित जीवन”
“रुकिए, देखिए, सुनिए और सुरक्षित पार कीजिए”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!