विकसित भारत संकल्प सम्मेलन सम्पन्न।
विकसित भारत के निर्माण के लिए 12 वर्षों में ऐतिहासिक कार्य हुए : गिरिराज सिंह
रायपुर । केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि 2014 के बाद देश को एक ऐसा सशक्त नेतृत्व मिला जिसने भारत देश की छवि को वैश्विक पहचान दिलाई। 2014 में जब श्री नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने तब दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्था में देश की अर्थव्यवस्था 11वे नंबर पर थी लेकिन आज प्रमुख आर्थिक शक्ति में शामिल है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने 12 साल में जो ऐतिहासिक कार्य किए हैं वह यूपीए की सरकार ने अपने 60 वर्षों की शासनकाल में नहीं किया। श्री सिंह ने कहा कि 25 करोड लोगों को गरीबी रेखा से निकाला, उज्ज्वला योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को नि:शुल्क गैस कनेक्शन दिया, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब हितग्राहियों को छत देकर उन्हें आत्म सम्मान से जीने का अधिकार दिया। श्री सिंह शुक्रवार को यहाँ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के सफल एवं गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी रायपुर शहर जिला के तत्वावधान में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ को मुख्य वक्ता की आसंदी से सम्बोधित कर रहे थे।
केंद्रीय मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत की विकास यात्रा के 12 वर्ष पूरे होना उस परिवर्तनकारी कालखंड का प्रतीक है, जिसने देश की दशा और दिशा को बदला है। वर्ष 2014 में देश ने एक ऐसे नेतृत्व पर विश्वास जताया, जिसने शासन को सत्ता का माध्यम नहीं, सेवा का संकल्प माना। आज जब हम पीछे मुड़कर देखते हैं, तो स्पष्ट दिखाई देता है कि इन 12 वर्षों में भारत ने सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सांस्कृतिक आत्मविश्वास के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है। श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ को केवल नारा नहीं रहने दिया, बल्कि इसे शासन की कार्यसंस्कृति बनाया। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से 81 करोड़ लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न मिल रहा है। आयुष्मान भारत ने गरीब परिवारों को महंगे इलाज की चिंता से राहत दी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि ने अन्नदाताओं को सीधी आर्थिक सहायता दी। ये योजनाएँ केवल सरकारी घोषणाएँ नहीं रहीं, बल्कि करोड़ों परिवारों के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और विश्वास का आधार बनीं।
सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि इन 12 वर्षों में भारत की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था ने भी नई शक्ति मिली। आत्मनिर्भर भारत अभियान ने देश को केवल उपभोक्ता बाजार नहीं रहने दिया, बल्कि उत्पादन, नवाचार नवाचार और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला का मजबूत केंद्र बनाने की दिशा दी। मोबाइल निर्माण, इलेक्ट्रॉनिक्स, रक्षा उत्पादन, सेमीकंडक्टर, फार्मा और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में भारत तेजी से आगे बढ़ा है। आज भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में आत्मविश्वास के साथ खड़ा है। डिजिटल इंडिया ने भारत की शासन व्यवस्था और नागरिक जीवन को पूरी तरह बदल दिया है। यूपीआई ने डिजिटल भुगतान को आम आदमी के जीवन का हिस्सा बना दिया है। गांवों तक इंटरनेट और डिजिटल सेवाओं की पहुँच ने शासन को तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाया है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी विकसित भारत के श्री मोदी के सपनों को साकार करने हमारी सरकार मिशन मोड पर कार्य कर रही है। महतारी वंदन योजना के तहत पात्र हितग्राही महिलाओं को एक हजार रुपये प्रति माह देकर महिला सशक्तिकरण का नया अध्याय लिखा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साहसिक नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सफल रणनीति के अनुसार डबल इंजन की सरकार में नक्सलवाद की जड़ों पर निर्णायक प्रहार हुआ। बस्तर, जिसे कभी नवसल हिंसा के कारण जाना जाता था, आज विकास, विश्वास और बदलाव की नई पहचान बना रहा है।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन जैन ने कहा कि बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों में वनोपज, पर्यटन, कौशल विकास और स्थानीय उद्यमिता के माध्यम से आजीविका के नए अवसर तैयार हो रहे हैं। यह विकास केवल सड़क और भवन का विकास नहीं है, बल्कि आत्मसम्मान, भागीदारी और भरोसे का विकास है। महिला सशक्तिकरण भी मोदी सरकार के 12 वर्षों की प्रमुख उपलब्धि रही है। उज्ज्वला, जन-धन, स्वच्छ भारत, जल जीवन मिशन और मातृशक्ति से जुड़ी योजनाओं ने महिलाओं के जीवन को सरल बनाया। कार्यक्रम में अनेक वरिष्ठ जनप्रतनिधि और संगठन के पदाधिकारी, विधायकगण राजेश मूणत, सुनील सोनी, पुरन्दर मिश्रा व मोतीलाल साहू, महापौर मीनल चौबे, भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन जैन, प्रदेश मंत्री द्वय जयंती भाई पटेल व अमित साहू, नान अध्यक्ष व संयोजक – विकसित भारत संकल्प सम्मेलन संजय श्रीवास्तव, जिला प्रभारी राजेन्द्र शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संयोजन भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में हुआ। इस दौरान प्रफुल्ल विश्वकर्मा,अमरजीत छाबड़ा, डॉ सलीम राज, वर्णिका शर्मा, शशांक शर्मा, नन्दे साहू ,सुभाष तिवारी, अशोक पांडे, सहित बड़ी संख्या में विभिन्न वर्गों से आए लोग शामिल हुए, जिन्होंने देश को विकसित बनाने के इस महा-संकल्प में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

