दुर्ग को मिलेगी सौगात- बनेगा अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पं. रविशंकर शुक्ल परिसर का होगा कायाकल्प
रायपुर । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले को जल्द ही एक नया अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम मिलने जा रहा है। जिले में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और स्थानीय खिलाड़ियों को ग्लोबल लेवल की सुविधाएं देने के लिए जिला क्रीड़ांगन समिति की बैठक में एक बड़ा फैसला लिया गया है। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और कलेक्टर सह समिति अध्यक्ष अभिजीत सिंह की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम परिसर में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम निर्माण के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी गई है।

33 वर्षों के लिए BCCI को लीज पर दी जाएगी जमीन बैठक में तय प्रस्ताव के मुताबिक, वर्तमान परिसर में बने बैडमिंटन कोर्ट की जमीन को छोड़कर बाकी की पूरी भूमि छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ (CSCS) के माध्यम से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को सौंपने की तैयारी है। इसके लिए भूमि को 33 वर्ष की अवधि की लीज पर देने का एक औपचारिक प्रस्ताव अंतिम मंजूरी के लिए राज्य शासन को भेजा जा रहा है।
जर्जर रविशंकर स्टेडियम और मानस भवन ढहाए जाएंगे परिसर के पुनर्विकास को गति देने के लिए समिति ने कड़े कदम उठाने का निर्णय लिया है। वर्तमान में पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम और मानस भवन की इमारतें अत्यंत जर्जर और अनुपयोगी हो चुकी हैं। इन्हें ढहाकर (अपलेखन कर) नई खेल संरचना के लिए खाली जमीन तैयार की जाएगी। स्टेडियम परिसर में संचालित हो रही व्यावसायिक दुकानों को अनुबंध की शर्तों के तहत एक महीने का नोटिस देकर खाली कराया जाएगा। दुकानदारों की सुरक्षा निधि (सिक्योरिटी डिपॉजिट) का नियमानुसार समायोजन और भुगतान किया जाएगा। प्रस्तावित स्टेडियम के निर्माण में आड़े आ रहे सभी तरह के स्थायी और अस्थायी अतिक्रमणों और अवरोधों को नियमानुसार हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

वित्तीय प्रबंधन और प्रशासनिक नोडल अधिकारी तय स्टेडियम निर्माण और प्रशासनिक समन्वय को सुचारू रूप से चलाने के लिए महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गई हैं। वित्तीय प्रबंधन को पारदर्शी और मजबूत बनाने के लिए जिला कोषालय अधिकारी को समिति का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। जर्जर भवनों के अपलेखन, बीसीसीआई/छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ से तालमेल और निर्माण संबंधी विभागीय कार्यों के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्यपालन अभियंता (EE) को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैडमिंटन कोर्ट का होगा विस्तार डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन (DMF) मद से निर्मित अत्याधुनिक बैडमिंटन कोर्ट के रखरखाव, बेहतर संचालन और खेल गतिविधियों के विस्तार के लिए इसे अब पूर्ण रूप से जिला क्रीड़ांगन समिति को हस्तांतरित करने पर सहमति बन गई है।
दुर्ग बनेगा छत्तीसगढ़ का नया स्पोर्ट्स हब इस ऐतिहासिक फैसले पर खुशी जताते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण से दुर्ग जिला छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि देश के प्रमुख खेल केंद्रों में शुमार हो जाएगा। इससे हमारे स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की आधुनिक सुविधाएं अपने घर पर ही मिल सकेंगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

