एक ही कार्य के लिए दो बार राशि आहरण का आरोप, जनदर्शन में कलेक्टर से जांच की मांग
ग्राम पंचायत जरेली के सरपंच-सचिव पर वित्तीय अनियमितता का आरोप, उपसरपंच व पंचों ने सौंपा शिकायत पत्र
मुंगेली। जनपद पंचायत पथरिया अंतर्गत ग्राम पंचायत जरेली में पंचायत कार्यों में कथित वित्तीय अनियमितता का मामला एक बार फिर सामने आया है। ग्राम पंचायत के उपसरपंच एवं पंचों ने जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर को शिकायत सौंपते हुए सरपंच और सचिव पर एक ही कार्य के लिए दो बार शासकीय राशि आहरित करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई तथा शासकीय राशि की वसूली की मांग की है।
जनदर्शन में दिए गए आवेदन (टोकन क्रमांक 17985) के अनुसार ग्राम पंचायत जरेली में राशन दुकान मरम्मत कार्य के लिए पहले भुगतान किया जा चुका था, लेकिन बाद में उसी कार्य के लिए “गोदाम मरम्मत” के नाम से दोबारा राशि आहरित किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यदि जांच में यह तथ्य सही पाया जाता है तो यह पंचायत निधि के दुरुपयोग और गंभीर वित्तीय अनियमितता का मामला होगा।

पहले भी लग चुके हैं अनियमितता के आरोप
शिकायत में उल्लेख किया गया है कि ग्राम पंचायत जरेली में इससे पहले भी कई मामलों में अनियमितता की शिकायत की जा चुकी है। इनमें डीएवी स्कूल जरेली-पेंड्री के जीर्णोद्धार कार्य में कथित गड़बड़ी, मनरेगा में फर्जी हाजिरी तथा अन्य विकास कार्यों में अनियमितता के आरोप शामिल हैं।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पूर्व में शिकायतों के बावजूद अब तक किसी भी मामले में ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि जांच अधिकारियों द्वारा प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय सरपंच और सचिव को संरक्षण दिया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है।

निष्पक्ष जांच और वसूली की मांग
आवेदन में कलेक्टर से मांग की गई है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि एक ही कार्य के लिए दो बार भुगतान होना प्रमाणित होता है तो दोषी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा शासकीय राशि की वसूली सुनिश्चित की जाए। साथ ही जांच प्रतिवेदन और की गई कार्रवाई की जानकारी भी शिकायतकर्ताओं को उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
उपसरपंच और पंचों ने उठाई आवाज
जनदर्शन में प्रस्तुत शिकायत पर ग्राम पंचायत जरेली के उपसरपंच संतोष कुमार भास्कर सहित पंच संजू पात्रे, सविता, सरस्वती और हेतराम के हस्ताक्षर हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पंचायत निधि का पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करना आवश्यक है और यदि अनियमितता हुई है तो दोषियों पर कार्रवाई होना जनहित में जरूरी है।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

