मुंगेली में पेयजल संकट को लेकर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) का पीएचई कार्यालय घेराव, 15 दिन में समाधान का आश्वासन

0
IMG-20260713-WA1216

मुंगेली। छत्तीसगढ़ शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) जिला इकाई मुंगेली ने जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में व्याप्त पेयजल संकट को लेकर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश प्रमुख डॉ. आनंद सिंह मल्होत्रा के निर्देश पर प्रदेश महासचिव दाऊ राम चौहान के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शिवसैनिकों के साथ प्रभावित ग्रामीण महिलाएं भी शामिल हुईं। प्रदर्शनकारियों ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ग्रामीण इलाकों में पेयजल व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान धनगांव की महिलाओं ने अधिकारियों को अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए बताया कि उन्हें प्रतिदिन पीने के पानी के लिए करीब चार किलोमीटर दूर ग्राम भटलीकला जाना पड़ता है। महिलाओं ने कहा कि पानी लाने में इतना समय लग जाता है कि वे अपने बच्चों को समय पर स्कूल नहीं भेज पातीं और घरेलू कार्य भी प्रभावित होते हैं। दूर से पानी ढोने के कारण उन्हें शारीरिक परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा है।

महिलाओं की शिकायत सुनने के बाद जब अधिकारियों की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो शिवसेना के जिला महासचिव भानु निषाद ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि अधिकारी स्वयं उन परिस्थितियों में रहकर देखें, जहां लोगों को पानी के लिए रोजाना कई किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है, तभी उन्हें ग्रामीणों की पीड़ा का वास्तविक एहसास होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नल-जल योजना का प्रचार तो कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का सही तरीके से निर्वहन नहीं कर रहे हैं।

NTPC World Environment Day

शिवसेना नेताओं ने डोमनपुर में पानी टंकी निर्माण की मांग को प्रमुखता से उठाया। साथ ही आरोप लगाया कि बरदुली में पानी की टंकी बनने के बावजूद जलापूर्ति शुरू नहीं हुई है। इसी प्रकार दशरंगपुर और किशनपुर में भी पानी टंकियां निर्मित होने के बावजूद ग्रामीणों को उनका लाभ नहीं मिल रहा है।

प्रदर्शन के दौरान शिवसेना पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि ग्रामीण क्षेत्रों में जल्द पेयजल व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो संगठन आंदोलन को और तेज करेगा। इस पर पीएचई विभाग के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि सभी शिकायतों का परीक्षण कर 15 दिनों के भीतर समस्याओं के निराकरण का प्रयास किया जाएगा। अधिकारियों के इस आश्वासन के बाद शिवसेना ने अपना घेराव समाप्त कर दिया।

इस अवसर पर प्रदेश महासचिव दाऊ राम चौहान, जिलाध्यक्ष संतोष साहू, जिला महासचिव भानु निषाद, जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष ओ.पी. यादव, जिला उपाध्यक्ष इन्द्र कुमार साहू, महेंद्र साहू, धर्मेंद्र यादव, ओमप्रकाश यादव, मिथलेश साहू, राजेश्वर साहू, रामायण साहू, प्रकाश महराज, जयकुमार यादव, अक्षय यादव, गोकुल, जीतेन्द्र, रामकुमार, सोनू, कमलेश साहू, सूरज यादव, अमित सहित सैकड़ों शिवसैनिक एवं ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!