वायरल वीडियो से बेनकाब हुई गुंडागर्दी: युवती से सरेराह मारपीट करने वाली महिला गिरफ्तार, दो नाबालिगों पर भी कार्रवाई

0
Screenshot_20260714_162310

रायगढ़ । सोशल मीडिया पर युवती के साथ सरेराह मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच कर कुछ ही घंटों में आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया। घटना में शामिल दो नाबालिग बालिकाओं के विरुद्ध भी किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का सूक्ष्म परीक्षण करने पर घटना स्थल मेरीन ड्राइव रोड होना पाया गया। क्षेत्र में पूछताछ के दौरान वीडियो में मारपीट करती दिखाई दे रही महिला की पहचान नगमा खान उर्फ नूरी के रूप में हुई। पुलिस टीम ने उसके निवास पर दबिश देकर उसे पूछताछ के लिए तलब किया। पूछताछ में उसने घटना में शामिल दो अन्य लड़कियों के बारे में जानकारी दी, जिनकी पहचान नाबालिग के रूप में हुई।

पीड़िता ने कोतवाली थाना पहुंचकर दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह रायगढ़ में किराये के मकान में रहकर सोनारपारा स्थित एक ज्वेलरी गोदाम में कार्य करती है। 30 जून 2026 की शाम वह अपनी सहेली के साथ मोटरसाइकिल से लौट रही थी। मेरीन ड्राइव रोड स्थित पुष्पवाटिका गार्डन के पास दो युवतियों ने उनका रास्ता रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने अपने रिश्तेदारों को बुला लिया, जिनमें नगमा खान उर्फ नूरी भी शामिल थी। इसके बाद सभी ने मिलकर पीड़िता के साथ लात-घूंसों और मुक्कों से मारपीट की। शोर सुनकर राहगीरों और पीड़िता की सहेली ने बीच-बचाव किया। पीड़िता के अनुसार आरोपियों को भ्रम हुआ कि वह उन्हें देखकर हंस रही थी, जिसके बाद बिना किसी ठोस कारण के उसके साथ मारपीट की गई।

NTPC World Environment Day

पीड़िता की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 375/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 126(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी नगमा खान उर्फ नूरी (38 वर्ष), निवासी चांदनी चौक, फौजदारपारा, रायगढ़ को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की है। वहीं घटना में शामिल दोनों नाबालिगों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले के खुलासे में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हुआ। नगर कोतवाल सुखनंदन पटेल एवं पुलिस टीम की तत्परता से आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में कानून हाथ में लेने, सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी करने अथवा किसी भी व्यक्ति के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और कानून अपने हाथ में न लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!