बेमेतरा में ब्लाइंड मर्डर का सनसनीखेज खुलासा: महिला की हत्या के बाद शव के किए टुकड़े, गांव का ही आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260717-WA0865

पुरानी रंजिश और दुष्कर्म के प्रयास का विरोध बना हत्या की वजह, शव ठिकाने लगाने ड्रोन, नाव और सर्च लाइट से चला सर्च ऑपरेशन

बेमेतरा । बेमेतरा जिले के चंदनू थाना क्षेत्र में एक महिला की निर्मम हत्या और शव के टुकड़े कर नदी में फेंकने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। करीब दस दिनों तक चली गहन जांच, तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पुलिस दबाव के बाद गांव के ही आरोपी रामप्रसाद सोनवानी उर्फ बंगाली को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते महिला की हत्या की और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव के हाथ-पैर काटकर अलग-अलग गठरियों में बांधकर शिवनाथ नदी में फेंक दिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त फावड़ा, आरी सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।

7 जुलाई से लापता थी महिला

पुलिस के अनुसार ग्राम सोनपुरी निवासी गोवर्धन बंजारे ने अपनी 50 वर्षीय मां दुकलिहिन बाई के 7 जुलाई से लापता होने की सूचना थाना चंदनू में दर्ज कराई थी। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

NTPC World Environment Day

9 जुलाई को परिजन खोजबीन करते हुए ग्राम तुमा स्थित अमरैया नाला और शिवनाथ नदी के किनारे पहुंचे, जहां पानी में कपड़ों में बंधी दो गठरियां दिखाई दीं। गठरियां खोलने पर महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। शव के हाथ और पैर धड़ से अलग किए गए थे तथा शरीर को घर की साड़ी, चादर, कंबल और पॉलीथिन में लपेटकर फेंका गया था।

हत्या की गुत्थी सुलझाने तीन टीमें गठित

घटना की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य के सतत मॉनिटरिंग तथा पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव और एसडीओपी भूषण एक्का के नेतृत्व में तीन विशेष जांच दल गठित किए गए।

जांच में साइबर सेल, थाना चंदनू पुलिस, डॉग स्क्वाड और फोरेंसिक विशेषज्ञों की मदद ली गई। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों की लगातार तलाशी ली गई। आरोपी की तलाश के लिए ड्रोन, नाव और सर्च लाइट का भी उपयोग किया गया।

पूछताछ में खुला हत्या का राज

पुलिस की लगातार पूछताछ और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर गांव के ही संदेही रामप्रसाद सोनवानी उर्फ बंगाली को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी का मृतका के परिवार से पुराना विवाद था। 6 जुलाई की रात वह महिला के घर पहुंचा। पुलिस का आरोप है कि आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने पास में रखे लकड़ी के बेंट वाले फावड़े से महिला के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।

शव के किए टुकड़े, दो गठरियों में बांधकर नदी में फेंका

जांच में सामने आया कि हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से घर में रखी लोहे की आरी से शव के दोनों हाथ कंधे से तथा दोनों पैर जांघ के पास से काट दिए। इसके बाद हाथ-पैर और धड़ को अलग-अलग गठरियों में बांधकर अपनी झोपड़ी में छिपा दिया।

अगली रात आरोपी दोनों गठरियों को ग्राम तुमा स्थित शिवनाथ नदी के किनारे ले गया और नदी में फेंक दिया, ताकि शव की पहचान न हो सके।

घर से नकदी भी ले गया आरोपी

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी महिला के घर में रखे झोले से 2,500 रुपये भी ले गया था। पूछताछ में उसने बताया कि 2,000 रुपये खर्च कर दिए, जबकि शेष 500 रुपये पुलिस ने उसके कब्जे से बरामद कर लिए।

पहले भी हत्या के मामले में जा चुका है जेल

पुलिस के अनुसार आरोपी रामप्रसाद सोनवानी उर्फ बंगाली का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। वर्ष 2017 में वह गांव की ही एक अन्य महिला की हत्या के मामले में दोषसिद्ध होकर सजा काट चुका है। उसके खिलाफ पूर्व में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है।

हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त फावड़ा, लोहे की आरी और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। विवेचना के दौरान मामले में भारतीय न्याय संहिता की अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने में चंदनू थाना, साइबर सेल, फोरेंसिक टीम और अन्य पुलिस अधिकारियों की समन्वित कार्रवाई का परिणाम है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!