25 लाख के जेवर चोरी का मामला निकला पारिवारिक, कोटा पुलिस ने चंद घंटों में सुलझाया

0
image_search_1784462182336

सीसीटीवी और वैज्ञानिक जांच से सामने आया नाती का नाम, चोरी का पूरा सामान बरामद; परिवार ने कार्रवाई से किया इनकार

बिलासपुर/कोटा। थाना कोटा पुलिस ने घर में हुई करीब 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी का मामला महज कुछ घंटों में सुलझा लिया। सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक जांच के आधार पर पुलिस ने खुलासा किया कि चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता के नाती ने ही की थी। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने चोरी गए सभी आभूषण और चांदी के सामान की 100 प्रतिशत बरामदगी कर ली।

घर में चोरी की सूचना से मचा हड़कंप

पुलिस के अनुसार 18 जुलाई 2026 को मौहारखार निवासी शिकायतकर्ता ने फोन पर सूचना दी कि अज्ञात व्यक्ति घर में घुसकर सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर ले गया है। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कोटा पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।

NTPC World Environment Day

सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। वैज्ञानिक तरीके से की गई जांच में संदेह शिकायतकर्ता के नाती पर गया। पुलिस उसे पूछताछ के लिए थाना लाई, जहां उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।

25 लाख का पूरा सामान बरामद

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया। बरामद सामान में—

  • सोने का झुमका (1 सेट)
  • टॉप झूल (1 सेट)
  • टॉप (2 जोड़ी)
  • कनौटी
  • नेकलेस
  • 2 मंगलसूत्र एवं मोती
  • 7 नोज पिन
  • 1 गोल्ड रिंग
  • चांदी की 2 जोड़ी पायल
  • 9 जोड़ी पुरानी पायल
  • करधन
  • पतला करधन
  • 4 चाबी के गुच्छे
  • बच्चे की चांदी की चूड़ी
  • 49 बिछिया
  • 12 चांदी के सिक्के
  • 1 चांदी की छोटी कटोरी

सहित लगभग 25 लाख रुपये मूल्य का पूरा मशरूका शामिल है।

परिवार ने नहीं चाही कानूनी कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि आरोपी शिकायतकर्ता का नाती है। पूरे मामले के सामने आने के बाद शिकायतकर्ता ने पारिवारिक संबंधों को देखते हुए थाना में अपराध दर्ज कराने से इनकार कर दिया। परिवार के सभी सदस्यों ने आपसी सहमति से स्टाम्प पेपर पर लिखित आवेदन देकर किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं करने की इच्छा जताई।

खोजी नजर: घरेलू चोरी के बढ़ते मामलों पर सतर्कता जरूरी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कई बार घरों में होने वाली चोरी के मामलों में बाहरी व्यक्ति के बजाय परिचित या परिवार का सदस्य ही शामिल निकलता है। ऐसे मामलों में पुलिस वैज्ञानिक जांच, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सच्चाई तक पहुंचती है।

हालांकि इस मामले में शिकायतकर्ता द्वारा अपराध दर्ज कराने से इनकार करने के कारण पुलिस ने परिवार की लिखित सहमति के आधार पर आगे की प्रक्रिया नहीं बढ़ाई। पुलिस ने लोगों से घर में नकदी और आभूषणों की सुरक्षा के साथ-साथ परिवार के सदस्यों के बीच विश्वास और सतर्कता बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!