सेवा सेतु पोर्टल बना डिजिटल सुशासन का मजबूत माध्यम
12 दिनों में बना जाति प्रमाण पत्र, भूमि पंजीयन की प्रक्रिया हुई आसान
ग्राम मेंड्राखुर्द के सूरज ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति जताया आभार
रायपुर । छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित ‘सेवा सेतु’ पोर्टल डिजिटल सुशासन का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। इस पोर्टल के जरिए अब विभिन्न विभागों की 441 से अधिक शासकीय सेवाएं एक ही ऑनलाइन मंच पर उपलब्ध हैं। इससे नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है और निर्धारित समय-सीमा में सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

सरगुजा जिले के ग्राम मेंड्राखुर्द निवासी श्री सूरज ने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से प्राप्त सुविधा का अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें भूमि पंजीयन (रजिस्ट्री) के लिए जाति प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। उन्होंने सेवा सेतु केंद्र में आवेदन किया और मात्र 12 दिनों में उनका जाति प्रमाण पत्र जारी हो गया। समय पर प्रमाण पत्र मिलने से भूमि पंजीयन की पूरी प्रक्रिया भी बिना किसी बाधा के आसानी से पूरी हो गई।
श्री सूरज ने बताया कि पहले ऐसे कार्यों के लिए कई बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन सेवा सेतु पोर्टल ने पूरी प्रक्रिया को सरल, सुगम और पारदर्शी बना दिया है। उन्होंने कहा कि उनका कार्य बिना किसी परेशानी के समय पर पूरा हुआ, जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि राज्य शासन ने पूर्व में संचालित ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल का विस्तार कर उसे ‘सेवा सेतु’ के रूप में विकसित किया है। जहां पहले इस प्लेटफॉर्म पर 86 शासकीय सेवाएं उपलब्ध थीं, वहीं अब इसकी संख्या बढ़कर 441 से अधिक हो गई है। इससे सेवा वितरण व्यवस्था अधिक प्रभावी, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनी है।
सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, भू-अभिलेख संबंधी सेवाएं, नाम संशोधन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े आवेदन, श्रम एवं राजस्व विभाग की विभिन्न सेवाएं सहित अनेक शासकीय सुविधाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। पोर्टल के माध्यम से नागरिक निर्धारित समय-सीमा में सेवाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

