विद्यालयों में औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप, अनुपस्थित शिक्षकों पर गिरेगी गाज

0
IMG-20260723-WA1201

संयुक्त संचालक शिक्षा ने तखतपुर के स्कूलों का किया निरीक्षण, कारण बताओ नोटिस और वेतन कटौती के निर्देश

शिक्षा व्यवस्था, मध्यान्ह भोजन, साफ-सफाई और बीईओ कार्यालय की कार्यप्रणाली की भी हुई समीक्षा

बिलासपुर। शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संयुक्त संचालक शिक्षा, बिलासपुर संभाग ए.के. भारद्वाज ने गुरुवार को तखतपुर विकासखंड के कई शासकीय विद्यालयों और विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बिना सूचना अनुपस्थित मिले शिक्षकों और कर्मचारियों पर सख्त रुख अपनाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा अनुपस्थित अवधि का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।

संयुक्त संचालक ने शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय अमसेना, शासकीय हाई स्कूल कुरेली, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लाखासार तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय तखतपुर का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन, स्वच्छता और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अनुपस्थित शिक्षक-कर्मचारियों पर सख्ती

शासकीय हाई स्कूल कुरेली और शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लाखासार के निरीक्षण में कई शिक्षक एवं कर्मचारी बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने और अनुपस्थित अवधि का वेतन काटने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। विद्यालयों में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक मॉनिटरिंग में कमी मिलने पर संस्था प्रमुखों को भी कड़ी फटकार लगाई गई और व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार सुनिश्चित करने को कहा गया।

NTPC World Environment Day

अमसेना स्कूल में साफ-सफाई पर जोर

शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय अमसेना में परिसर की साफ-सफाई बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। वहीं, मध्यान्ह भोजन योजना का संचालन संतोषजनक पाया गया। अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन को नियमित निगरानी बनाए रखने की सलाह दी।

बीईओ कार्यालय में भी मिली कमियां

संयुक्त संचालक ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय तखतपुर का निरीक्षण कर सेवा पुस्तिकाओं के संधारण, लंबित पेंशन प्रकरणों, मध्यान्ह भोजन योजना, बायोमेट्रिक उपस्थिति और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण की समीक्षा की। अभिलेखों के संधारण और कार्यालयीन कार्यों में कमियां मिलने पर बीईओ को भी कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए।

पुस्तक, गणवेश और साइकिल वितरण जल्द पूरा करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान सभी संस्था प्रमुखों को नियमित पढ़ाई संचालित करने, समय-सीमा में पाठ्यक्रम पूरा कराने और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। जिन विद्यालयों में पाठ्यपुस्तक और गणवेश वितरण शेष है, उसे शीघ्र पूरा करने को कहा गया। साथ ही शासकीय हाई स्कूल कुरेली में विद्यार्थियों को साइकिल वितरण तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

संयुक्त संचालक ए.के. भारद्वाज ने स्पष्ट कहा कि विद्यालयों में अनुशासन, नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि औचक निरीक्षणों का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत बनाना और विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!