अमलीडीह को मिली विकास कार्यों की बड़ी सौगात, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 2 करोड़ की सड़क निर्माण परियोजना का किया भूमिपूजन
अमलीडीह से कामनबोड़ तक बनेगी 1.40 किमी सड़क, 5 पुलियों का होगा निर्माण
शीतला माता मंदिर भवन के लिए 6.50 लाख रुपये की घोषणा, ग्रामीण विकास को बताया सरकार की प्राथमिकता
रायपुर । उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शुक्रवार को कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड के ग्राम अमलीडीह में क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों की महत्वपूर्ण सौगात देते हुए लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली अमलीडीह से कामनबोड़ तक 1.40 किलोमीटर लंबी सड़क एवं पांच पुल-पुलियों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने शीतला माता मंदिर में भवन निर्माण के लिए 6.50 लाख रुपये की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि यह सड़क लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांग रही है, जिसके पूरा होने से ग्रामीणों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने निर्माण एजेंसी और ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क, पुल-पुलिया और अन्य सभी स्वीकृत कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों एवं उच्च गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि ऐसे टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण कार्य कराना है जिनका लाभ क्षेत्रवासियों को लंबे समय तक मिलता रहे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए सड़क, आवास, बिजली, सिंचाई और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार बनने के बाद प्रदेशभर में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को स्वीकृति देकर निर्माण कार्यों में तेजी लाई गई है, जिससे हजारों गरीब परिवारों का पक्के घर का सपना साकार हो रहा है।


उप मुख्यमंत्री ने बताया कि अमलीडीह सहित कुरुवा पंचायत के आश्रित गांवों में पिछले दो वर्षों के दौरान 255 प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति दी गई है। इससे पात्र और जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि गांवों में आधारभूत सुविधाओं का भी तेजी से विस्तार किया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों का जीवन स्तर बेहतर हो सके।
बिजली व्यवस्था में किए गए सुधारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए फीडर सेपरेशन का व्यापक अभियान चलाया गया है। पहले एक फीडर से आठ से नौ गांव जुड़े रहते थे, जिससे किसी एक स्थान पर तकनीकी खराबी आने पर कई गांवों की बिजली बाधित हो जाती थी। अब एक फीडर से अधिकतम चार गांवों को जोड़ा जा रहा है, जिससे खराबी का शीघ्र निराकरण और तेजी से बिजली बहाल करना संभव होगा।
उन्होंने बताया कि अमलीडीह में 52 लाख रुपये की लागत से फीडर सेपरेशन का कार्य कराया गया है। इसके साथ ही कृषि पंपों के लिए अलग फीडर की व्यवस्था की गई है, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए नियमित और पर्याप्त बिजली मिल सकेगी। वहीं, अमलीडीह बस्ती क्षेत्र में 7 लाख रुपये की लागत से 1.20 किलोमीटर एलटी केबलिंग तथा 25 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं को भी बेहतर विद्युत सुविधा उपलब्ध होगी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अमलीडीह में सड़क और बिजली के अलावा सीसी रोड, चेक डैम तथा अन्य आधारभूत विकास कार्यों को भी स्वीकृति दी गई है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से गांव की अधोसंरचना मजबूत होगी, कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और प्रत्येक गांव आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होकर आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बने।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता संतोष मिश्रा, जनपद पंचायत अध्यक्ष दुर्गा पटेल, जनपद उपाध्यक्ष अशोक पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

