प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना: सृष्टि को घर के बिजली बिल में मिली बड़ी राहत
10 से 15 हजार रूपए का बिजली बिल हुआ 500 से 700 रूपए
10 किलोवाट रूफटॉप सोलर से मिली 2.16 लाख रुपये की मिली सब्सिडी

रायपुर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से आमजनों को बिजली बिल में बड़ी राहत मिल रही है। योजना के माध्यम से जिले के अनेक घर सौर ऊर्जा से रोशन हो रहे हैं और लोग बिजली खर्च से मुक्त होकर ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। यह योजना नागरिकों को आर्थिक राहत प्रदान करने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में भी एक मजबूत कदम साबित हो रही है। इसी कड़ी में मुंगेली निवासी श्रीमती सृष्टि सोनी ने अपने घर में 10 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित कर ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ाया है।
श्रीमती सृष्टि सोनी ने बताया कि सोलर सिस्टम स्थापित करने से पहले उनके घर का मासिक बिजली बिल 10 से 15 हजार रुपये तक आता था। योजना का लाभ लेकर सोलर पैनल लगवाने के बाद अब उनका बिजली बिल घटकर महज 500 से 700 रुपये प्रतिमाह रह गया है। इससे हर महीने हजारों रुपये की बचत हो रही है, जिसका उपयोग परिवार की अन्य आवश्यकताओं में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सोलर पैनल स्थापना के लिए उन्हें शासन की ओर से 02 लाख 16 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई, जिससे परियोजना की लागत काफी कम हो गई। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना को आम नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
श्रीमती सोनी ने कहा कि यह योजना केवल बिजली बिल कम करने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। उन्होंने अन्य नागरिकों को भी योजना का लाभ उठाकर सौर ऊर्जा अपनाने कहा। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत रूफटॉप सोलर सिस्टम की स्थापना पर केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा आकर्षक सब्सिडी प्रदान की जा रही है। 01 किलोवाट क्षमता पर 45 हजार रुपये, 02 किलोवाट पर 90 हजार रुपये तथा 03 किलोवाट क्षमता तक 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी उपलब्ध है। साथ ही बैंकों द्वारा कम ब्याज दर पर आसान किश्तों में ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे आम नागरिकों के लिए सौर ऊर्जा अपनाना और अधिक सरल एवं किफायती बन गया है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

