बिलासपुर संभागायुक्त सुनील जैन ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण

0
IMG-20260724-WA1165

मेडिकल कॉलेज भवन, छात्रावास, ऑडिटोरियम और पहुंच मार्ग के निर्माण कार्यों की प्रगति का लिया जायजा

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मेडिकल कॉलेज परिसर में किया पौधरोपण

रायपुर । बिलासपुर संभागायुक्त सुनील जैन ने शुक्रवार को जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम कुटरा स्थित निर्माणाधीन शासकीय मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज भवन, छात्रावास, ऑडिटोरियम, पहुंच मार्ग सहित अन्य निर्माणाधीन अधोसंरचनाओं का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने तथा सभी तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने सीजीएमएससी के नोडल अधिकारियों से मेडिकल कॉलेज परियोजना की वर्तमान स्थिति, विभिन्न भवनों के निर्माण की प्रगति तथा परिसर में विकसित की जा रही आधारभूत सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने परियोजना की समय-सीमा की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित अवधि में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण किए जाएं, ताकि मेडिकल कॉलेज जल्द से जल्द शुरू होकर क्षेत्र के विद्यार्थियों और आम नागरिकों को इसका लाभ मिल सके।

उन्होंने निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, इसलिए निर्माण के प्रत्येक चरण में निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से नियमित निरीक्षण एवं सतत मॉनिटरिंग के माध्यम से कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

NTPC World Environment Day

संभागायुक्त ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से जांजगीर-चांपा और आसपास के जिलों के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। साथ ही क्षेत्र के लोगों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिलने से उपचार के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भरता भी कम होगी।

निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर संभागायुक्त सुनील जैन ने पीपल का पौधा तथा कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आम का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का संदेश दिया। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, सीजीएमएससी के नोडल अधिकारी तथा निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में परियोजना की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!