आंगनबाड़ी केंद्रों में गुणवत्ता एवं मानक अनुरूप पोषण आहार उपलब्ध, सुरहूलखास मामले में जांच में तथ्य स्पष्ट

0
Screenshot_20260715_152656

एक्सपायरी पैकेट बच्चों के वितरण में शामिल नहीं, विनष्टीकरण हेतु पृथक सुरक्षित रखे गए थे

रायपुर । विभिन्न माध्यमों में बलरामपुर जिले के सुरहूलखास आंगनबाड़ी केंद्र में एक्सपायरी डेट का रेडी-टू-ईट (आरटीई) पोषण आहार बच्चों को वितरित किए जाने संबंधी प्रसारित समाचारों के संबंध में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा तत्काल जांच कराई गई। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि बच्चों को किसी भी प्रकार का एक्सपायरी डेट का पोषण आहार वितरित नहीं किया गया तथा उन्हें उपयोग अवधि के भीतर का गुणवत्ता एवं मानक अनुरूप पूरक पोषण आहार ही उपलब्ध कराया गया।

विभागीय अधिकारियों द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, हितग्राहियों एवं ग्राम प्रतिनिधियों से चर्चा की गई। जांच में पाया गया कि केंद्र में बच्चों को वितरित किया गया शिशु शक्ति रेडी-टू-ईट आहार पूरी तरह सुरक्षित था तथा उसकी उपयोग अवधि शेष थी। सभी बच्चे एवं हितग्राही स्वस्थ पाए गए तथा किसी भी प्रकार की खाद्यजनित समस्या अथवा प्रतिकूल प्रभाव का कोई मामला सामने नहीं आया।

NTPC World Environment Day

निरीक्षण के दौरान केंद्र में उपलब्ध रेडी-टू-ईट के दो पैकेट, जो शिशुवती माताओं के लिए निर्धारित थे, उनकी उपयोग अवधि समाप्त हो चुकी थी।
विभाग ने स्पष्ट किया कि इन पैकेटों को वितरण से पूर्व ही नियमानुसार विनष्टीकरण (डिस्पोजल) हेतु पृथक एवं सुरक्षित रखा गया था। इनका बच्चों अथवा अन्य हितग्राहियों के बीच वितरण नहीं किया गया।

जांच के दौरान ग्राम के उप सरपंच सहित स्थानीय हितग्राहियों ने भी बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को नियमित रूप से ताजा एवं निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप रेडी-टू-ईट पोषण आहार उपलब्ध कराया जाता है तथा केंद्र की गतिविधियां सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने कहा है कि प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं तथा 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों को निर्धारित गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप पूरक पोषण आहार उपलब्ध कराया जा रहा है। विभाग द्वारा पोषण आहार की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण, सतत निगरानी एवं समय-समय पर आवश्यक कार्रवाई की जाती है। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उपयोग अवधि समाप्त होने वाले पोषण आहार का पृथक संधारण एवं विनष्टीकरण सुनिश्चित किया जाता है, ताकि हितग्राहियों को केवल सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पोषण आहार ही उपलब्ध हो।

विभाग ने आमजन से अपील की है कि किसी भी सूचना अथवा समाचार के संबंध में तथ्यात्मक जानकारी के लिए विभाग के आधिकारिक माध्यमों पर भरोसा करें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!