महतारी वंदन योजना से मुस्कुराए घर-आंगन, आर्थिक संबल से सशक्त हो रही प्रदेश की महिलाएं
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण को मिल रही नई दिशा, नियमित आर्थिक सहायता और खाद्यान्न योजना से मजबूत हो रहे परिवार
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा और पारिवारिक समृद्धि को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित महतारी वंदन योजना तथा खाद्य विभाग की सार्वजनिक वितरण प्रणाली का समन्वित लाभ प्रदेश की हजारों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रहा है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के आकांक्षी विकासखंड गौरेला की ग्राम पंचायत ठाड़पथरा निवासी श्रीमती प्रीति सुजान बैगा इसका प्रेरणादायी उदाहरण है।
श्रीमती प्रीति सुजान बैगा को महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रत्येक माह नियमित रूप से एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हो रही है। यह राशि उनके परिवार के लिए आर्थिक संबल साबित हो रही है। नियमित आर्थिक सहयोग मिलने से परिवार के दैनिक खर्चों का प्रबंधन पहले की अपेक्षा अधिक सहज हो गया है तथा घरेलू आवश्यकताओं की पूर्ति में उन्हें बड़ी राहत मिल रही है।

श्रीमती प्रीति बताती हैं कि योजना से प्राप्त राशि का उपयोग वे घर के लिए राशन, सब्जी, दैनिक उपयोग की सामग्री तथा अन्य आवश्यक घरेलू जरूरतों की पूर्ति में करती हैं। इससे परिवार की आर्थिक चिंता कम हुई है और घरेलू खर्चों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने में सहायता मिली है। यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाते हुए उनके आत्मविश्वास को भी सुदृढ़ कर रही है।
प्रीति सुजान बैगा को खाद्य विभाग की सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से भी नियमित रूप से खाद्यान्न उपलब्ध हो रहा है। महतारी वंदन योजना से प्राप्त प्रतिमाह आर्थिक सहायता और सार्वजनिक वितरण प्रणाली से मिलने वाले खाद्यान्न के संयुक्त लाभ ने उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को पहले की तुलना में अधिक मजबूत बनाया है। इससे परिवार की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित होने के साथ-साथ जीवन स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार आया है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पहुंचे। महिला एवं बाल विकास विभाग, खाद्य विभाग तथा जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे पात्र हितग्राहियों को बिना किसी कठिनाई के योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
श्रीमती प्रीति सुजान बैगा ने कहा कि राज्य सरकार की इन जनहितैषी योजनाओं ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि नियमित आर्थिक सहायता और खाद्यान्न उपलब्ध होने से परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति आसान हुई है तथा भविष्य के प्रति उनका विश्वास भी मजबूत हुआ है। उन्होंने इस सहयोग के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए राज्य सरकार का धन्यवाद किया।
महतारी वंदन योजना आज केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण का सशक्त आधार बनकर प्रदेश की लाखों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन से महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार के साथ-साथ परिवारों की आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा भी निरंतर सुदृढ़ हो रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

