वार्ड 19 में अवैध निर्माण पर निगम का बुलडोजर, अनुमति के विपरीत बने भवनों पर कार्रवाई
रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर ने अवैध निर्माण और स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए गए निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जोन-8 क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 19 में कई निर्माणों को ध्वस्त किया। यह कार्रवाई निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-8 की जोन कमिश्नर श्रीमती राजेश्वरी पटेल के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा, सहायक अभियंता अमन चंद्राकर, उप अभियंता लोचन चौहान, अबरार खान तथा नगर निवेश विभाग की टीम मौजूद रही। निगम की टीम ने डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम वार्ड क्रमांक 19 के विकास नगर, गुड़ियारी क्षेत्र में राकेश साहू द्वारा लगभग 1500 वर्गफीट तथा गोमती वर्मा द्वारा लगभग 1200 वर्गफीट क्षेत्र में अनुमति के विपरीत किए गए निर्माण को नियमानुसार तीन नोटिस और अंतिम सूचना जारी करने के बाद तोड़ दिया।
इसी प्रकार विकास नगर स्थित गैस गोदाम के पास विवेक सिंह द्वारा लगभग 1200 वर्गफीट तथा पूजा सरावगी द्वारा लगभग 1200 वर्गफीट में निर्माणाधीन भवनों पर भी निगम ने कार्रवाई करते हुए अवैध हिस्सों को ध्वस्त किया।

नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना वैध अनुमति अथवा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए जाने वाले निर्माणों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नागरिकों से भवन निर्माण से पूर्व आवश्यक अनुमति लेने तथा निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की गई है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

