दिल्ली में सनसनी: फायरिंग और गला रेतकर युवक की हत्या, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
नई दिल्ली । दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पुल प्रहलादपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात बदमाशों ने एक घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग की. जिसमें एक युवक की मौत हो गई. वहीं एक युवक गोली लगने से घायल है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई की रात करीब 12:41 बजे पुल प्रहलादपुर थाने में फायरिंग की सूचना मिली. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, थाना प्रभारी, एसीपी और दक्षिण-पूर्वी जिले के डीसीपी डॉ. हेमंत तिवारी मौके पर पहुंचे. गोली लगने से 28 वर्षीय मोहम्मद इरशाद आलम उर्फ गुड्डू की मौत हो गई, जबकि 27 वर्षीय मोहम्मद फारुख घायल हो गया. घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया.
डीसीपी के अनुसार, मृतक मोहम्मद इरशाद आलम उर्फ गुड्डू को कई गोलियां लगी थीं और उसका गला भी कटा हुआ था.अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रख लिया गया है.वहीं मोहम्मद फारुख के बाएं हाथ में गोली लगी थी.उसे एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि रात करीब 1:30 बजे मोटरसाइकिल सवार कुछ बदमाश घर में घुसे और कई राउंड फायरिंग कर मौके से फरार हो गए.
स्थानीय निवासी राधेश्याम ने बताया कि मृतक और घायल कुछ दिन पहले ही किराए पर रहने आए थे और मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे. उन्होंने दावा किया कि बदमाशों ने पहले गुड्डू को गोली मारी और बाद में उसका गला रेत दिया. घटनास्थल का निरीक्षण क्राइम टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने किया.मौके से 10 खाली और 2 जिंदा कारतूस बरामद कर जब्त किए गए हैं.पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी निगरानी के साथ कई टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश में जुटी है. पुलिस का कहना है कि संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की जा रही है.हत्या के पीछे की वजह का अभी खुलासा नहीं हुआ है और सभी पहलुओं से मामले की जांच जारी है.


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

